मोदी ने आगर मालवा हादसे पर दुख जताया, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख के मुआवजे की घोषणा

19 Sep 2026 16:15:53
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित करते हुए


नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में बारिश से उफनाए नाले में कार बह जाने से हुई आठ लोगों की मौत पर शनिवार को दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पोस्ट में कहा, “आगर मालवा, मध्य प्रदेश में हुआ हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मैं अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।”

मोदी ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास भारी बारिश के कारण नाला उफान पर आ गया था। इसी दौरान उज्जैन से आए ओडिशा के श्रद्धालुओं को ले जा रही कार पानी के तेज बहाव में बह गई। हादसे में तीन बच्चों सहित आठ लोगों की मौत हो गई।

बताया गया है कि क्षेत्र में रातभर हुई भारी बारिश के बाद नाले का जलस्तर बढ़ गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0