एशियन गेम्स में रविवार से निशानेबाजी का रण, 30 भारतीय निशानेबाज पदक पर लगाएंगे निशाना

19 Sep 2026 15:09:53
मनु भाकर (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। एशियन गेम्स 2026 में निशानेबाजी प्रतियोगिताएं रविवार से शुरु हो रही हैं। प्रतियोगिता में भारत का निशानेबाजी दल अनुभव, अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों और उभरती प्रतिभाओं के मजबूत संयोजन के साथ उतरेगा। कुल 30 भारतीय निशानेबाज राइफल, पिस्टल और शॉटगन स्पर्धाओं में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

भारतीय टीम में ऐसे कई खिलाड़ी शामिल हैं, जो बड़े मंच पर सफलता हासिल कर चुके हैं। वहीं, कई युवा निशानेबाज अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना रहे हैं।

राइफल टीम में अनुभवी अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजों के साथ कई युवा खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने वैश्विक स्तर पर अपनी क्षमता साबित की है। विश्व रैंकिंग में सातवें स्थान पर मौजूद ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। ऐश्वर्य ने 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था। 50 मीटर 3 पोजीशन में उनके साथ नीरज कुमार होंगे। महिलाओं की स्पर्धा में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदर्सा के. विनोद भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

रुद्रांक्ष बी. पाटिल भी भारतीय राइफल टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। 2022 के विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष 10 मीटर एयर राइफल और 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन दोनों स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। 10 मीटर एयर राइफल में भारत की ओर से इलावेनिल वलारिवन, पार्थ राजेश माने, हिमांशु ढिल्लों, सोनम उत्तम मस्कर और विदर्सा के. विनोद भी चुनौती पेश करेंगे।

भारत की पिस्टल टीम में देश के मौजूदा निशानेबाजी कार्यक्रम के कई प्रमुख नाम शामिल हैं। पेरिस 2024 ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीत चुकीं मनु भाकर 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल दोनों स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी। 10 मीटर एयर पिस्टल में उनकी मौजूदा विश्व रैंकिंग 12वीं है। ईशा सिंह भी 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल में प्रतिस्पर्धा करेंगी।

10 मीटर एयर पिस्टल में सुरुचि, कमलजीत, केदारलिंग बी. उचागनवे और आकाश भारद्वाज भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। सुरुचि मिश्रित टीम स्पर्धा में भी हिस्सा लेंगी। 25 मीटर पिस्टल में मनु और ईशा के साथ राही प्रतिस्पर्धा करेंगी, जबकि अनिश पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में उतरेंगे।

विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर मौजूद अनिश 30 सितंबर और एक अक्टूबर को रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। इसका फाइनल एक अक्टूबर को होगा।

शॉटगन टीम में अनुभवी ओलंपियन, एशियन गेम्स पदक विजेता और हाल के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले निशानेबाज शामिल हैं।

ट्रैप स्पर्धा के पुरुष वर्ग में कायनान चेनाई, अहवर रिजवी और शपथ भारद्वाज भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। महिला वर्ग में आशिमा अहलावत, मनीषा कीर और नीरू चुनौती पेश करेंगी। चेनाई ने 2023 एशियन गेम्स में पुरुष ट्रैप टीम स्पर्धा में स्वर्ण और व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। वह पुरुष ट्रैप के साथ ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा में भी हिस्सा लेंगे।

विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर मौजूद नीरू 2025 एशियन चैंपियनशिप में महिला ट्रैप का स्वर्ण पदक जीतने के बाद एशियन गेम्स में उतरेंगी। उन्होंने 2026 में इटली के लोनाटो में विश्व कप में भी स्वर्ण पदक जीता।

अनंतजीत सिंह नरूका स्कीट और मिश्रित टीम स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। उन्होंने हांगझोउ एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था और वह पूर्व एशियन चैंपियन भी हैं।

पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में भगंतेघ सिंह गिल और मैराज अहमद खान, जबकि महिलाओं की स्कीट में महेश्वरी चौहान, परिनाज धालीवाल और राइजा ढिल्लों भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

भारत का निशानेबाजी अभियान 20 सितंबर से एक अक्टूबर तक चलेगा। राइफल, पिस्टल और शॉटगन की विभिन्न व्यक्तिगत, टीम और मिश्रित टीम स्पर्धाओं में भारतीय निशानेबाज पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

प्रतियोगिता से पहले भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष कलिकेश नारायण सिंह देव ने एक बयान में कहा कि एशियन गेम्स के लिए भारत का निशानेबाजी दल अनुभव और युवा प्रतिभाओं का मजबूत संयोजन है। हमारे खिलाड़ियों ने पूरे सत्र में कड़ी मेहनत की है और वे विश्व कप, विश्व चैंपियनशिप तथा एशियाई स्तर की प्रतियोगिताओं से मिले महत्वपूर्ण अनुभव के साथ इन खेलों में प्रवेश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स उनके लिए उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने और आत्मविश्वास एवं गर्व के साथ देश का प्रतिनिधित्व करने का महत्वपूर्ण अवसर होंगे। हम पूरे दल को शुभकामनाएं देते हैं।

एनआरएआई के महासचिव पवन कुमार सिंह ने कहा कि राइफल, पिस्टल और शॉटगन में भारतीय निशानेबाजी दल की गहराई देश में इस खेल की प्रगति को दर्शाती है। हमारे पास प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का अनुभव रखने वाले खिलाड़ियों के साथ ऐसे युवा निशानेबाज भी हैं, जिन्होंने वैश्विक मंच पर अपनी क्षमता पहले ही साबित की है।

उन्होंने कहा कि एनआरएआई ने एशियन गेम्स की तैयारी के लिए खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर काम किया है। हमें उम्मीद है कि प्रतियोगिताएं शुरू होने पर पूरा दल अपनी तैयारियों को प्रदर्शन में बदलेगा।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0