

शिवपुरी, 19 सितम्बर (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार शाम को मध्य प्रदेश के शिवपुरी पहुंचे। यहां उन्होंने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ दिशा की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में उन्होंने सीवर प्रोजेक्ट, नशे के कारोबार, भूमाफियाओं और शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर जानकारी दी।
सिंधिया ने शिवपुरी की सीवर योजना को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि करीब 115 करोड़ रुपये की लागत से लाई गई सीवर योजना अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के कारण विफल हो गई। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की कोर्ट और ईओडब्ल्यू स्तर पर समीक्षा और जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर की सीवर समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब नए सिरे से काम किया जाएगा। इसके लिए मध्य प्रदेश की किसी सक्षम एजेंसी से नई डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कराई जाएगी।
दशहरे तक 7 से 8 किलोमीटर पुरानी सीवर लाइन चालू करने का लक्ष्य
सिंधिया ने बताया कि रियासतकाल में माधव महाराज के समय शिवपुरी में करीब 15 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई गई थी। इनमें से लगभग 7 किलोमीटर लाइन अभी भी उपयोग में है। उन्होंने कहा कि इस पुरानी लाइन को व्यवस्थित कर दोबारा उपयोग में लाया जाएगा। उन्होंने पीएचई और नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां पुरानी सीवर लाइन चोक है, वहां सफाई का काम प्राथमिकता से कराया जाए। इसके लिए पीएचई अपने 5 तकनीशियन नगर पालिका को उपलब्ध कराएगा, जबकि इन तकनीशियनों का खर्च नगर पालिका उठाएगी।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने अधिकारियों को दशहरे तक पुरानी सीवर लाइन के 7 से 8 किलोमीटर हिस्से को पूरी तरह साफ कर दोबारा चालू करने का लक्ष्य दिया। उनका कहना था कि इससे सीवर की समस्या से जूझ रहे शहर के इलाकों में तत्काल राहत मिल सकेगी। नई सीवर योजना को लेकर उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ इस संबंध में विस्तार से चर्चा हुई है। कलेक्टर और अन्य अधिकारियों के सुझाव के आधार पर मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी से चर्चा की जाएगी। सिंधिया ने कहा कि वह भोपाल स्तर पर भी इसके लिए प्रयास करेंगे, ताकि शिवपुरी की सीवर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की दिशा में तेजी से काम हो सके।
नशे और भूमाफियाओं के खिलाफ सख्ती के निर्देश
पत्रकार वार्ता में सिंधिया ने जिले में नशे के कारोबार और भूमाफियाओं के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी और इसकी शुरुआत शिवपुरी शहर से ही की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने दिशा की बैठक में जिले के विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा किए जाने की जानकारी भी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर