
काठमांडू, 19 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के २5वें दिन लापता लोगों की तलाश के दौरान अपर त्रिशूली–1 जलविद्युत परियोजना की सुरंग से शनिवार को 11 और शव बरामद किए गए। सुरंग में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
नेपाली सेना के अनुसार, संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान के दौरान सुरंग के भीतर लोहे की जाली में फंसे और कीचड़ में दबे हुए 11 शव मिले। राहत एवं बचाव दल ने सभी शवों को बाहर निकाल लिया है। बाढ़ के कारण परियोजना की सुरंगों और आसपास के क्षेत्रों में भारी मात्रा में मलबा और कीचड़ जमा हो गया है, जिसके कारण तलाशी अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर जानमाल को नुकसान पहुंचाया था। बाढ़ के बाद से कई लोग लापता हैं और सुरक्षा एजेंसियां विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में उनकी तलाश कर रही हैं। अपर त्रिशूली–1 परियोजना की सुरंगों में भी लगातार शव मिलने के बाद सेना ने तलाशी अभियान को और तेज किया है।
नेपाली सेना ने बताया कि सुरंग के भीतर मलबा हटाकर अन्य संभावित स्थानों पर भी खोज जारी रखी जाएगी, ताकि बाढ़ के दौरान लापता हुए लोगों का पता लगाया जा सके और उनके परिजनों तक शवों को पहुंचाया जा सके।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास