यूनीफिल प्रमुख बोले- वापसी से पहले लेबनानी सेना और यूएन एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपना अहम

19 Sep 2026 20:25:53

दक्षिणी लेबनान, 19 सितंबर (हि.स.)। लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूनीफिल) के प्रमुख मेजर जनरल डियोदातो अबाग्नारा ने कहा है कि वर्ष के अंत में बल की वापसी शुरू होने से पहले उसकी जिम्मेदारियों को संयुक्त राष्ट्र की अन्य एजेंसियों और लेबनानी सेना को सुचारु रूप से सौंपना बेहद जरूरी है।

इटली के मेजर जनरल अबाग्नारा ने कहा कि मिशन का उद्देश्य अलग-अलग संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों या भविष्य में गठित होने वाले किसी नए मिशन को जिम्मेदारियां सौंपने की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा करना है।

यूनीफिल दक्षिणी लेबनान में करीब पांच दशक से संघर्ष और तनाव की निगरानी कर रहा है। हालिया संघर्ष के बाद इसकी भूमिका में मानवीय सहायता पहुंचाने वाले काफिलों को सुरक्षा मुहैया कराना भी शामिल हो गया है। खासतौर पर दक्षिणी लेबनान के कुछ मुख्य रूप से ईसाई कस्बों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए मिशन ने सुरक्षा एस्कॉर्ट उपलब्ध कराए हैं।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने यूनीफिल को वर्ष 2026 के अंत से अपनी वापसी शुरू करने का निर्देश दिया है। इसके बाद मानवीय सहायता की आपूर्ति जारी रखने और मौजूदा UNIFIL चौकियों को लेबनानी सेना को सौंपने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

अबाग्नारा ने बताया कि यूनीफिल संयुक्त राष्ट्र की कंट्री टीम के साथ मिलकर मानवीय सहायता जारी रखने की व्यवस्था पर काम कर रहा है। इसके साथ ही लेबनानी सेना के साथ संवेदनशील इलाकों और वहां की स्थिति से निपटने के तरीकों को लेकर सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0