नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस द्वारा सुबह की सैर के दौरान नेहरू पार्क से पूछताछ के लिए ले जाए जाने और दिनभर उनके ठिकाने को लेकर बने सस्पेंस के बाद पूर्व नौकरशाह आशीष जोशी बुधवार देर शाम अपने घर लौट आए। जोशी ने खुद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उन्हें घर छोड़कर गई है और पूरे घटनाक्रम का विस्तृत ब्यौरा वह बाद में साझा करेंगे।
जोशी ने एक्स पर लिखा, “अभी-अभी घर लौटा हूं। दिल्ली स्पेशल सेल मुझे घर छोड़कर गई। विस्तृत जानकारी बाद में दूंगा।”
इससे पहले दिनभर जोशी के ठिकाने को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल रही। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने दावा किया था कि सुबह नेहरू पार्क में सैर के दौरान दो पुलिसकर्मी जोशी को अपने साथ ले गए थे। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया और लंबे समय तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
कांग्रेस नेताओं ने इस घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए दिल्ली पुलिस से जोशी के ठिकाने की जानकारी देने की मांग की थी। संदीप दीक्षित और अन्य नेताओं ने आशंका जताई थी कि उनके हालिया सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर उन्हें हिरासत में लिया गया है। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी ‘एक्स’ पर दावा किया था कि जोशी को दो सादे कपड़ों में दिल्ली पुलिसकर्मी अपने साथ ले गए और उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है।
हालांकि, दिल्ली पुलिस सूत्रों ने देर शाम स्वीकार किया कि आशीष जोशी को पुलिस ने पूछताछ के लिए लाया था। सूत्रों के अनुसार, उनसे एक पुराने मामले में पूछताछ की गई और इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस की ओर से हालांकि उस मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
जोशी के घर लौटने और खुद सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि करने के बाद दिनभर चला सस्पेंस समाप्त हो गया है। हालांकि, अब निगाहें उनके उस विस्तृत बयान पर टिकी हैं, जिसमें वह यह बता सकते हैं कि उन्हें किस मामले में पूछताछ के लिए ले जाया गया और दिनभर उनके साथ क्या घटनाक्रम हुआ।
आशीष जोशी इसी वर्ष मार्च में अतिरिक्त सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वह पूर्व में भी विभिन्न सरकारों के साथ गतिरोध को लेकर चर्चा में रहे हैं। वर्ष 2015 में उन्होंने आम आदमी पार्टी और 2019 में भाजपा नेता कपिल मिश्रा के खिलाफ शिकायत की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार