चीन ने पश्चिम एशिया में बाहरी हस्तक्षेप का किया विरोध, समुद्री सुरक्षा में सहयोग की पेशकश

02 Sep 2026 23:33:53

काहिरा, 02 सितंबर (हि.स.)। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बुधवार को पश्चिम एशिया के देशों से क्षेत्रीय मामलों में बाहरी हस्तक्षेप का विरोध करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बीजिंग क्षेत्रीय देशों के साथ मिलकर समुद्री जहाजरानी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम करने को तैयार है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण क्षेत्र में समुद्री व्यापार और नौवहन पर गंभीर असर पड़ा है।

शी ने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के साथ काहिरा में हुई बैठक के दौरान यह बात कही। सीसी के साथ बैठक शी की करीब एक दशक बाद मिस्र की यात्रा के दौरान हुई। चीन ऐसे समय में पश्चिम एशिया में अपनी आर्थिक और कूटनीतिक मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, जब क्षेत्र में जारी करीब छह महीने लंबे संघर्ष के व्यापक प्रभाव सामने आ रहे हैं।

चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, शी ने कहा कि पश्चिम एशिया के लोगों को अपने क्षेत्र के मामलों का फैसला स्वयं करने का अधिकार होना चाहिए। उन्होंने क्षेत्रीय देशों के बीच शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर संवाद मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

शी ने कहा कि चीन क्षेत्रीय देशों के साथ मिलकर समुद्री परिवहन और जहाजरानी की सुरक्षा बनाए रखने के लिए सहयोग करने को तैयार है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0