आधुनिक टेक्नोलॉजी के माध्यम से किसान होंगे समृद्ध : ज्योतिरादित्य सिंधिया

02 Sep 2026 23:34:53
ग्वालियर में बलराम जयंती महोत्सव का शुभारंभ करते हुए केन्द्रीय मंत्री सिंधिया और मुख्यमंत्री मोहन यादव


ग्वालियर में बलराम जयंती महोत्सव में हितलाभ वितरित करते हुए मुख्यमंत्री


- ग्वालियर में बलराम जयंती महोत्सव में शामिल हुए केन्द्रीय मंत्री सिंधिया

भोपाल, 02 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय दूरसंचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ड्रोन जैसी अन्य आधुनिक टेक्नोलॉजी के माध्यम से किसानों को समृद्ध बनाने का संकल्प लिया है। हमारे किसान अन्न उगाते हैं, तभी देशवासियों को अनाज मिलता है। आधुनिक टेक्नोलॉजी के माध्यम से किसान समृद्ध होंगे।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बुधवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हल षष्ठी (बलराम जयंती) के अवसर पर आयोजित बलराम जयंती महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। इस अवसर पर ऑनलाइन किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल का शुभारंभ किया गया।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान राष्ट्र है। आज भगवान बलराम की जयंती के अवसर पर महोत्सव ग्वालियर में हो रहा है। यहां सहकारिता सम्मेलन का भी आयोजन हो रहा है। सहकारिता से देशभर के किसानों को लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों का सम्मान ग्वालियर अंचल की विरासत रही है। ग्वालियर-चंबल में बने बांध और जलाशयों से खेती समृद्ध हो रही है। श्योपुर क्षेत्र को नैरोगेज रेल लाइन से जोड़ा गया, ताकि किसान ग्वालियर में अपना अनाज बेंच पाएं। अब इस रेलवे लाइन को ब्रॉड गेज करने पर तेजी से काम हो रहा है। बहुत जल्द यह लाइन ग्वालियर से कोटा तक पहुंचेगी।

सिंधिया ने कहा कि अक्षय ऊर्जा भविष्य में किसानों को समृद्ध बनाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान बलराम का नाम शंकरषण भी था। भगवान ने नंद और वासुदेव जी के परिवार को एक किया था। उन्होंने हल से बनी रेखाओं के माध्यम से समाज को संगठित होने का संदेश दिया था।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रदेश के किसानों को किसान सम्मान निधि के रूप में प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये मिलते हैं। इस योजना के माध्यम से अब तक पौने पांच लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में पहुंचे हैं। प्रदेश में अब 60 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंचाई का रकबा 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। मध्य प्रदेश गेहूं उत्पादन में पंजाब से आगे निकल गया है। किसानों को माइक्रो एटीएम मिलेगा, कृषक कवच योजना का लाभ मिलेगा।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर में लगभग 20 वर्षों से भगवान श्री बलराम जयंती महोत्सव मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के सभी जिलों में बलराम जयंती मनाने की शुरुआत की है। किसान समृद्ध होंगे, तो देश समृद्ध होगा। सहकारिता के माध्यम से भी किसान भाइयों को लाभ दिया जा रहा है। खेती में पहले कभी पंजाब और हरियाणा को अग्रणी माना जाता था, लेकिन अब मध्य प्रदेश खेती में नंबर एक राज्य बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश में जैविक खेती का दायरा निरंतर बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश जैविक खेती के मामले में भी देश का नंबर एक प्रदेश है।

प्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि राज्य सरकार ने विकास और जनकल्याण की अवधारणा को स्थापित किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों की आमदनी को दोगुना करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल पर वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। सहकारिता विभाग के माध्यम से मध्य प्रदेश के किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर एग्रीकल्चर लोन मिल रहा है। सहकारिता के माध्यम से किसानों को ज्यादा से ज्यादा लाभ दिलवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बलराम जयंती पर हम सब यह संकल्प लें कि किसान की खेती को लाभ का जरिया बना कर रहेंगे और किसानों को उनकी फसलों का समुचित मूल्य दिलवाएंगे।

अपेक्स बैंक अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह यादव ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धरती पुत्र भगवान बलराम की जयंती को भव्य रूप में मनाने की शुरुआत की है। बलराम जयंती प्रदेश के किसानों के लिए गहरी आस्था का विषय है। राज्य सरकार द्वारा कृषक कल्याण वर्ष में अब तक प्रदेश के 22 जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा चुके हैं। मध्य प्रदेश, किसान कल्याण, नारी कल्याण, युवाओं और गरीब कल्याण के क्षेत्र में औरों से कई आगे बढ़कर काम कर रहा है।

कार्यक्रम को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना, उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, मप्र राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, मप्र राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत, सांसद भारत सिंह कुशवाहा, विधायकगण मोहन सिंह राठौड़ व नरेन्द्र सिंह कुशवाहा, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा ग्वालियर-चंबल क्षेत्र से बड़ी संख्या में आए किसान उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0