

रीवा, 02 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 39 पर बुधवार शाम तेज रफ्तार बल्कर ने यात्रियों से भरी बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई यात्री घायल हो गए, जिनमें आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसा गुढ़ थाना क्षेत्र में बदवार बस स्टैंड के पास बुधवार शाम करीब 5 बजे हुआ। रीवा से सीधी जा रही बघोर ट्रैवल्स की बस को बल्कर ने पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद बल्कर पलट गया, जबकि बस सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों से संजय गांधी अस्पताल रीवा भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विस्तृत समाचार की प्रतीक्षा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर