यूजीसी-नेट अंग्रेजी, वाणिज्य, समाजशास्त्र की पुनर्परीक्षा के लिए सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी

02 Sep 2026 16:04:53

नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की इस साल जून में हुई राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) की तीन विषयों की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एडवांस सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी की है। इससे अभ्यर्थियों को उन शहरों की जानकारी मिल सकेगी जहां उन्हें परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। यह पुनर्परीक्षा अंग्रेजी, वाणिज्य शास्त्र और समाज शास्त्र के लिए आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी अपनी परीक्षा का शहर यूजीसी-नेट के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर देख सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे स्लिप डाउनलोड कर लें और परीक्षा से जुड़ी आगे की जानकारी के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र से संबंधित विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी। एनटीए के अनुसार अंग्रेजी और वाणिज्य की पुनर्परीक्षा आगामी 9 सितंबर को होगी। अंग्रेजी की परीक्षा सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक और वाणिज्य विषय की परीक्षा उसी दिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक होगी। इसके अगले दिन यानी 10 सितंबर को समाजशास्त्र की परीक्षा सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि एनटीए ने यूजीसी-नेट जून 2026 की परीक्षा 22 से 30 जून के बीच 87 विषयों में आयोजित की थी। हालांकि इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में त्रुटियां पाए जाने के बाद पुनर्परीक्षा कराने का फैसला किया गया। एनटीए के मुताबिक इन तीन विषयों के जो अभ्यर्थी दोबारा परीक्षा देने जा रहे हैं, उनसे कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें मिलने के बाद स्वयं एनटीए ने जांच समिति गठित की थी। समिति की रिपोर्ट के बाद एनटीए ने इन तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लिया था।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Powered By Sangraha 9.0