
न्यूयॉर्क, 02 सितंबर (हि.स.)। शीर्ष वरीयता प्राप्त जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने यूएस ओपन के पहले दौर में इटली के लोरेंजो सोनेगो के खिलाफ बड़ा उलटफेर होने से बचते हुए पांच सेट के रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। ज्वेरेव ने करीब पांच घंटे तक चले मुकाबले में सोनेगो को 6-4, 3-6, 6-7(7), 7-5, 6-4 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
जून में फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने के बाद पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम में प्रमुख चैंपियन के तौर पर उतरे ज्वेरेव को दुनिया के 89वें नंबर के सोनेगो ने कड़ी चुनौती दी।
दुनिया के नंबर एक यानिक सिनर की गैरमौजूदगी और गत चैंपियन कार्लोस अल्कराज की चोट से वापसी के बीच ज्वेरेव को इस टूर्नामेंट का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
ज्वेरेव ने पहला सेट 6-4 से जीता, लेकिन वह सात ब्रेक प्वाइंट में केवल एक का ही फायदा उठा सके। इसके बाद सोनेगो ने दूसरे सेट में शुरुआती ब्रेक हासिल कर मुकाबले की दिशा बदल दी और एक ऐस के साथ सेट 6-3 से अपने नाम कर लिया।
तीसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और मुकाबला टाईब्रेक तक पहुंचा। टाईब्रेक में ज्वेरेव की डबल फॉल्ट का फायदा उठाकर सोनेगो ने बढ़त बना ली।
चौथे सेट में दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे की सर्विस तोड़ी। एक समय ज्वेरेव हार से सिर्फ दो अंक दूर थे, लेकिन उन्होंने महत्वपूर्ण गेम बचाया और इसके बाद सोनेगो की सर्विस तोड़कर सेट 7-5 से जीत लिया।
निर्णायक सेट में सोनेगो की ऊर्जा जवाब देने लगी और ज्वेरेव ने इसका फायदा उठाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ज्वेरेव 2003 में विंबलडन में लेटन हेविट के बाद ग्रैंड स्लैम के पहले दौर में हारने वाले शीर्ष वरीय खिलाड़ी बनने से भी बच गए।
ज्वेरेव ने मैच के बाद कहा, “मैं सिर्फ इस बात से खुश हूं कि मैं जीत गया। यह शानदार मुकाबला था। करीब पांच घंटे तक चले इस मैच में कई उतार-चढ़ाव आए। ग्रैंड स्लैम में यह मेरा सबसे लंबा पहला दौर का मुकाबला रहा।”
उन्होंने कहा, “वह बहुत से खिलाड़ियों को हरा सकते थे, लेकिन मैं खुश हूं कि इस तरह की कठिन लड़ाई जीतकर आगे बढ़ने में सफल रहा। ऐसे मुकाबलों से गुजरने के बाद अच्छी चीजें होती हैं।”
दूसरे दौर में ज्वेरेव का सामना फ्रांस के क्वेंटिन हेलिस से होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे