विद्युत जामवाल की 'स्ट्रीट फाइटर' का ट्रेलर आया सामने, दिखा जबरदस्त एक्शन

02 Sep 2026 14:09:53
विद्युत जामवाल - फोटो सोर्स एक्स


बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में अपने दमदार एक्शन और अभिनय से पहचान बनाने वाले अभिनेता विद्युत जामवाल अब हॉलीवुड में कदम रखने के लिए तैयार हैं। उनकी डेब्यू फिल्म 'स्ट्रीट फाइटर' का फाइनल ट्रेलर जारी कर दिया गया है। पैरामाउंट पिक्चर्स इंडिया द्वारा रिलीज किए गए इस ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन और मार्शल आर्ट्स की झलक देखने को मिलती है। फिल्म का पहला ट्रेलर अप्रैल में जारी किया गया था। फिल्म का निर्देशन किताओ सकुराई ने किया है, जबकि इसमें नोआ सेंटिनियो, जेसन मोमोआ, रोमन रेंज और एंड्रयू कोजी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।

कैपकॉम के लोकप्रिय वीडियो गेम पर आधारित 'स्ट्रीट फाइटर' की कहानी 1993 के दौर में सेट की गई है। फिल्म में विद्युत जामवाल योग गुरु 'धल्सिम' के किरदार में नजर आएंगे। कहानी दो बिछड़े हुए मार्शल आर्ट्स दोस्तों रयू और केन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी भूमिका एंड्रयू कोजी और नोआ सेंटिनियो ने निभाई है। दोनों को एक खतरनाक वर्ल्ड वॉरियर टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए तैयार किया जाता है, जहां उनका सामना दुनिया के बेहतरीन और खतरनाक फाइटर्स से होता है।

ट्रेलर में विद्युत जामवाल का किरदार भी खास अंदाज में नजर आ रहा है। उनके अलावा फिल्म में जेसन मोमोआ और रोमन रेंज जैसे कलाकार भी जबरदस्त एक्शन करते दिखाई देंगे। फिल्म के ट्रेलर में मार्शल आर्ट्स, खतरनाक मुकाबलों और बड़े पैमाने पर फिल्माए गए एक्शन सीक्वेंस की झलक दर्शकों का ध्यान खींचती है। विद्युत के हॉलीवुड डेब्यू को लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह है। 'स्ट्रीट फाइटर' 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0