एशियाई खेल में पदक दिलाने वाली खिलाड़ियों को राष्ट्रपति, लोस अध्यक्ष और रक्षा मंत्री ने दी शुभकामनाएं

20 Sep 2026 15:31:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 20 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने रविवार को एशियाई खेल 2026 में भारत को पहला पदक दिलाने वाली महिला खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। इन खिलाड़ियों ने ने 10 मीटर एयर राइफल महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, एशियाई खेल 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर इलावेनिल वलारिवन, विदर्शा के. विनोद और सोनम उत्तम मस्कर को बहुत-बहुत बधाई। आपकी इस शानदार उपलब्धि ने इन खेलों में भारत के लिए मेडल का खाता खोला है और देश का मान बढ़ाया है। आपकी निरंतर सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।

ओम बिरला ने कहा कि यह उपलब्धि तब और भी खास हो जाती है जब इलावेनिल वलारिवन महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत इवेंट में एक और सिल्वर मेडल जीतती हैं यह बड़े मंच पर उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन, संयम और विश्व-स्तरीय सटीकता का सबूत है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि महिला भारतीय टीम को इस सफलता से देश को बहुत गर्व हुआ है और भारत की खेल यात्रा में एक और शानदार अध्याय जुड़ा है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत ने एशियाई खेलों में सिल्वर मेडल जीतकर अपने मेडल का खाता खोला। शूटिंग 10 मीटर राइफल महिला (टीम) इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर इलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मस्कर और विदर्शा के. विनोद को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं।

उल्लेखनीय है कि इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा के. विनोद की भारतीय तिकड़ी ने रविवार को 2026 एशियाई खेलों में भारत को पहला पदक दिलाया। भारतीय टीम ने 10 मीटर एयर राइफल महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0