बर्लिन, 19 सितंबर (हि.स.)। जर्मनी में भारतीय दूतावास ने ब्रांडेनबर्ग टेक्निकल यूनिवर्सिटी के सहयोग से कॉटबस में इंडिया डे का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करना था। भारतीय दूतावास ने शनिवार को यह जानकारी दी।
दूतावास के अनुसार, 18 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में भारत-जर्मनी राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर को भी रेखांकित किया गया। इसमें करीब 200 लोगों ने हिस्सा लिया।
भारत के जर्मनी में राजदूत अजीत गुप्ते ने शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, व्यापार, निवेश, पर्यटन, कौशल विकास और प्रतिभा एवं श्रम गतिशीलता जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के संबंधों के विस्तार पर प्रकाश डाला।
ब्रांडेनबर्ग टेक्निकल यूनिवर्सिटी की अध्यक्ष प्रोफेसर गेजिने ग्रांडे ने भारत के साथ विश्वविद्यालय के लंबे जुड़ाव को रेखांकित किया। कार्यक्रम में इंडियन स्टूडेंट्स एसोसिएशन कॉटबस (आईएसएसी) के उपाध्यक्ष ने भी हिस्सा लिया।
यह आयोजन ऐसे समय हुआ है जब भारत और जर्मनी अपने रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से फोन पर बातचीत की थी। दोनों नेताओं ने व्यापार एवं निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत प्रौद्योगिकी और प्रतिभा की आवाजाही समेत विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई थी।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय