एटीएस ने अंबरनाथ में पाकिस्तानी पासपोर्ट सहित एक शख्स को गिरफ्तार किया

20 Sep 2026 22:08:53

मुंबई, 20 सितंबर (हि.स.)। एंटी टेरोरिस्ट स्कॉड (एटीएस) की टीम ने रविवार को अंबरनाथ के मंगलगढ़ इलाके सेपाकिस्तान और भारत दोनों देशों के पासपोर्ट सहित एक शख्स को गिरफ्तार किया है। इस मामले की गहन छानबीन एटीएस टीम कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे अधिकारी ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपित की पहचान 38 वर्षीय चांद अली अब्दुल रशीद सैयद के रुप में की गई है। चांद अली ने वर्ष 2009 में भारतीय पासपोर्ट बनवाया था। इसके बाद वह पाकिस्तान चला गया। आरोप है कि पाकिस्तान में उसने अपनी भारतीय नागरिकता से जुड़ी जानकारी छिपाई और ‘चांद अली रशीद अली’ नाम से कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पाकिस्तानी पासपोर्ट हासिल किया। इसके बाद चांद अली पाकिस्तानी पासपोर्ट के आधार पर भारत में दाखिल हुआ और अंबरनाथ में रहने लगा। भारत लौटने के बाद वर्ष 2024 में उसने अपनी पुरानी जानकारी छिपाकर पान कार्ड, डोमिसाइल और अन्य दस्तावेजों के आधार पर दोबारा भारतीय पासपोर्ट हासिल किया।

इस मामले का खुलासा क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में दस्तावेजों के वेरिफिकेशन के दौरान हुआ। संबंधित व्यक्ति की नागरिकता और दस्तावेजों को लेकर संदेह होने के बाद जांच की गई। जांच में उसके पास भारतीय और पाकिस्तानी पासपोर्ट होने की जानकारी सामने आई। इस मामले की जानकारी मिलते ही हिललाइन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और चांद अली को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह पाकिस्तान में कितने समय तक रहा, वहां उसने कौन-कौन से दस्तावेज हासिल किए और भारत लौटने के बाद किन गतिविधियों में शामिल रहा।

मामले की संवेदनशीलता को देखते जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि पाकिस्तान में आरोपी के किन लोगों से संपर्क थे और भारत लौटने के बाद वह किन लोगों के संपर्क में रहा। दोनों पासपोर्ट का इस्तेमाल किस तरह किया गया और इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति या नेटवर्क की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0