बंगाल में ‘माओ ब्रिगेड’ पर शिकंजा, गिरफ्तार माओवादी दंपत्ति को आठ दिनो की पुलिस रिमांड

युगवार्ता    20-Sep-2026
Total Views |
गिरफ्तार माओवादी दंपत्ति


कोलकाता, 20 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में सक्रिय माओवादी नेटवर्क के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के शालबनी थानांतर्गत सरबेड़िया गांव से पुलिस ने माओवादी दंपती को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पतित माहातो उर्फ पप्पू उर्फ मंगल उर्फ समीर उर्फ पांडे और उसकी पत्नी मलिना मुर्मू उर्फ मालती उर्फ माला के रूप में हुई है।दोनों को आज अदालत में पेश किया गया। अदालत ने मामले की जांच और पूछताछ के लिए दोनों को आठ दिनों की पुलिस रिमांड में भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हाल ही में माओवादी आकाश की गिरफ्तारी के बाद मंगल और मालती जंगल में अपने हथियार छोड़कर एक गिरफ्तार साथी के रिश्तेदार के घर में छिप गए थे। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार को शालबनी के सरबेड़िया गांव में अभियान चलाकर दोनों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस अब रिमांड के दौरान दोनों से माओवादी संगठन में उनकी भूमिका, उनके संपर्कों, हथियारों तथा जंगल में सक्रिय नेटवर्क को लेकर पूछताछ करेगी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम मेदिनीपुर के शालबनी थाना क्षेत्र के रंझा गांव का रहने वाला पतित माहातो उर्फ मंगल प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की सब-जोनल कमेटी का सदस्य बताया जाता है। उसे संगठन में एक लड़ाके के तौर पर जाना जाता था। झारखंड पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

वहीं, मंगल की पत्नी मलिना मुर्मू उर्फ मालती झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी इलाके के पाथरनासा गांव की निवासी बताई जाती है। पुलिस के अनुसार, वह माओवादी संगठन की एरिया कमेटी की सदस्य रही है। झारखंड पुलिस ने उस पर भी दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

बताया जाता है कि जंगल में सशस्त्र गतिविधियों के दौरान मंगल के पास एके-47 और मालती के पास इंसास राइफल रहती थी। दोनों की गिरफ्तारी को पश्चिम बंगाल और झारखंड में सक्रिय माओवादी नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की अहम कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Tags