
भुवनेश्वर, 20 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को कहा कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद का जल्द समाधान होने की उम्मीद है। दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर भुवनेश्वर पहुंचे साय ने हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।
साय ने कहा कि महानदी के मुद्दे को लेकर दिल्ली में ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों के बीच बातचीत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि विवाद के समाधान के लिए दोनों राज्यों ने केंद्रीय जल आयोग के निर्णय को स्वीकार करने पर सहमति जताई है। केंद्रीय जल आयोग जो भी निर्णय करेगा, दोनों राज्य उसे स्वीकार करेंगे।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में महानदी को लेकर किसी प्रकार का जल विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां जल संबंधी विवादों के समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रगति हुई है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार तथा केंद्र में एनडीए सरकार होने के कारण महानदी से जुड़े मुद्दे का समाधान जल्द होने की उम्मीद है।
साय ने अपने ओडिशा दौरे के दौरान पुरी जाकर भगवान श्रीजगन्नाथ के दर्शन करने और राज्यवासियों के लिए उनका आशीर्वाद लेने की बात भी कही। इससे पहले वह भुवनेश्वर स्थित लिंगराज मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद पुरी जाकर श्रीजगन्नाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। शाम को उनके श्रीमद्भागवत कथा स्थल पर जाने का कार्यक्रम है। वह पुरी के एक निजी होटल में रात्रि विश्राम करेंगे।
ओडिशा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। बैठक में महानदी जल विवाद के समाधान सहित दोनों राज्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। साय सोमवार को दोपहर करीब 1:25 बजे रायपुर लौटेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो