बालेन्द्र शाह ने जेन-जी सांसदों से कहा- अपनी पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए करें पहल

20 Sep 2026 11:50:53
नेपाल के जेन जी सांसदों के साथ प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह


काठमांडू, 20 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने जेन-जी आयु वर्ग के सांसदों के साथ चर्चा करते हुए उनसे अपनी पीढ़ी के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में नेतृत्व करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री सचिवालय के अनुसार, शाह ने सांसदों से कहा कि वे केवल बुनियादी आजीविका से जुड़ी समस्याओं के समाधान तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आगे बढ़कर नेतृत्व करें।

प्रधानमंत्री ने इसके लिए मैदानी अध्ययन और शोध करने, सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग करने, समस्याओं के समाधान पर केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने तथा पुराने और अव्यावहारिक सोच को छोड़ने का सुझाव दिया।

उन्होंने सांसदों से यह भी आग्रह किया कि वे राजनीति को पेशा न बनाएं। शाह ने कहा कि सांसदों को आय का स्वतंत्र स्रोत स्थापित करना चाहिए और दीर्घकाल में आत्मनिर्भर बनकर अपनी पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनना चाहिए।

प्रधानमंत्री सचिवालय के अनुसार, बैठक में शामिल सांसदों ने शाह के सुझावों को अभिभावकीय मार्गदर्शन के रूप में लिया। सांसदों ने अपनी पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनाने और देश के भीतर ही रोजगार व अवसर पैदा करने के लिए काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0