दीपावली छठ के बाद नेपाल सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारी में प्रचंड

20 Sep 2026 13:07:53
पूर्व प्रधानमंत्री प्रचंड


काठमांडू, 20 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के संयोजक पुष्पकमल दाहाल ‘प्रचंड’ ने कहा है कि उनकी पार्टी सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ के बाद देश की परिस्थितियों को देखते हुए नए आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।

रविवार को किसान महासंघ से जुड़े एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रचंड ने सरकार पर दमन, ज्यादती और अत्याचार शुरू करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार के कथित दमन के खिलाफ व्यापक संयुक्त मोर्चा बनाकर आंदोलन करने की आवश्यकता है और उनकी पार्टी इसकी तैयारी कर रही है। प्रचंड ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि आंदोलन की तैयारी के तहत विभिन्न राजनीतिक दलों, बुद्धिजीवियों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बातचीत की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि ये बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर ‘प्रतिगमन’ को पराजित करने और क्रांति को नई ऊंचाई तक ले जाने का संकल्प लेना चाहिए। प्रचंड के अनुसार, उनकी पार्टी फिलहाल इसी प्रक्रिया में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि दशैं और तिहार के बाद देश की स्थिति का आकलन करने के बाद नया आंदोलन शुरू किया जाएगा। इससे पहले भी प्रचंड ने विपक्षी दलों को संसद के भीतर एकजुट करने और सरकार के खिलाफ व्यापक मोर्चा बनाने की बात कही थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0