आईआईटी रुड़की दीक्षांत समारोह : दूसरे दिन 1424 छात्र-छात्राओं को मिली डिग्रियां

20 Sep 2026 15:54:53
रुड़की आईआईटी दीक्षांत समारोह मंच पर अतिथि


दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत का उत्सव: हर्षवर्धन चीतले

हरिद्वार, 20 सितंबर (हि.स.)। आईआईटी रुड़की के दो दिवसीय दीक्षांत समारोह का रविवार को समापन हुआ। दूसरे दिन 1,424 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 518 पीएचडी, तीन शोधार्थी और 903 एमटेक विद्यार्थी शामिल रहे। पहले दिन 1,277 विद्यार्थियों को उपाधियां दी गई थीं। इस तरह दो दिनों में कुल 2,701 विद्यार्थियों ने उपाधियां हासिल कीं।

दूसरे दिन के समारोह का शुभारंभ पारंपरिक शोभायात्रा के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन हर्षवर्धन चीतले और विशिष्ट अतिथि के रूप में ऑयलमैक्स एनर्जी के संस्थापक विक्रम गर्ग मौजूद रहे।

हर्षवर्धन चीतले ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की कड़ी मेहनत, तपस्या और उपलब्धियों का उत्सव है। आईआईटी रुड़की जैसे विश्व प्रतिष्ठित संस्थान से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि आज तकनीक तेजी से बदल रही है, ऐसे में विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग नई चुनौतियों के समाधान और मानवता के कल्याण के लिए करना चाहिए।

विक्रम गर्ग ने कहा कि डिग्री हासिल करना विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा का अंत नहीं, बल्कि एक नई जिम्मेदारी और नए सफर की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से नवाचार, शोध और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए देश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

संस्थान के निदेशक प्रो. के के पंत ने संस्थान की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उपनिदेशक प्रवीण गर्ग सहित संस्थान के डीन, प्रोफेसर, अधिकारी, विद्यार्थी और उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में खासा उत्साह और उल्लास देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Powered By Sangraha 9.0