जयराम रमेश का महंगाई पर मोदी सरकार पर तंज

21 Sep 2026 11:40:53
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश (फाइल फोटो)।


नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि देश में खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बावजूद मोदी सरकार महंगाई पर चुप है। उन्होंने कहा कि दाल, मसाले, खाद्य तेल और प्याज के बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रमेश ने सरकार से महंगाई पर तत्काल सख्त कदम उठाकर आम जनता को राहत देने की मांग की है।

रमेश ने सोमवार को एक्स पर पिछले एक महीने में मसालों की कीमतों में 10 से 25 फीसदी तक बढ़ोतरी का दावा किया। उन्होंने कहा कि छोटी इलायची 4,000 रुपये से बढ़कर 4,400 रुपये, बड़ी इलायची 2,400 से 2,800 रुपये, जीरा 360 से 400 रुपये और जावित्री 2,500 से बढ़कर 3,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

उन्होंने कहा कि अरहर दाल 100 रुपये से बढ़कर 130 रुपये, चना दाल 70 से 100 रुपये और उड़द दाल 120 से बढ़कर 140 रुपये प्रति किलो हो गई है। इसी तरह सरसों तेल 190 रुपये से बढ़कर 210 रुपये और सफोला तेल 240 से बढ़कर 280 रुपये प्रति लीटर होने का दावा किया।

रमेश ने कहा कि जून से सितंबर के बीच प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 29.50 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 53.78 रुपये प्रति किलो हो गई। उन्होंने इसे करीब 82.3 फीसदी की बढ़ोतरी बताते हुए कहा कि महंगाई के कारण गरीब परिवारों के घरों में दाल और जरूरी खाद्य सामग्री पहुंच से बाहर हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को अनियंत्रित महंगाई पर तत्काल सख्त कदम उठाने चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0