निर्वाचन आयोग ने विदेश में रहने वाले नेपाली नागरिकों को मतदान का अधिकार दिलाने के लिए 27 दूतावासों से की चर्चा

21 Sep 2026 17:28:53
निर्वाचन आयोग नेपाल के तरफ से आयोजित विदेशी नियोग के प्रतिनिधि


काठमांडू, 21 सितंबर (हि.स.)। नेपाल निर्वाचन आयोग ने विदेशों में रहने वाले नेपाली नागरिकों को मतदान का अधिकार उपलब्ध कराने की व्यवस्था को लेकर विभिन्न देशों में स्थित नेपाली दूतावासों और कूटनीतिक नियोगों के साथ चर्चा की है।

आयोग के अनुसार सोमवार को वर्चुअल माध्यम से 27 नेपाली दूतावासों और कूटनीतिक नियोगों के साथ बैठक की गई। इसमें विदेश स्थित नेपाली दूतावासों और कूटनीतिक नियोगों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

विदेश मंत्रालय के समन्वय में हुई इस चर्चा के दौरान संबंधित देशों में रहने वाले नेपाली नागरिकों की संख्या और मतदाता नामावली तैयार करने के तरीके के बारे में जानकारी ली गई। इसके अलावा संभावित मतदान प्रणाली, मतदाता नामावली संकलन तथा विदेशों में चुनाव संचालन के लिए संबंधित कूटनीतिक नियोगों की भूमिका जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में निर्वाचन आयोग की कार्यवाहक प्रमुख निर्वाचन आयुक्त डा. जानकी तुलाधर, निर्वाचन आयुक्त गुरु प्रसाद वाग्ले और डा. राजीव सुब्बा, आयोग के सचिव कृष्णप्रसाद काप्री तथा विदेश मंत्रालय के सहसचिव पुष्पराज भट्टराई सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0