पाकिस्तान का अफगानिस्तान में हवाई हमला, 28 आतंकियों को मारने का दावा

21 Sep 2026 19:43:53

काबुल/इस्लामाबाद, 21 सितंबर (हि.स.)। पाकिस्तान ने सोमवार को अफगानिस्तान के पूर्वी हिस्से में हवाई हमले कर 28 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय के अनुसार, कार्रवाई में आतंकवादी ठिकानों और आत्मघाती हमलावरों के प्रशिक्षण केंद्रों को निशाना बनाया गया। दूसरी ओर, अफगानिस्तान के तालिबान प्रशासन ने दावा किया कि हमलों में तीन नागरिक मारे गए और चार घायल हुए।

पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, हवाई हमले अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका प्रांतों में किए गए। यह कार्रवाई हाल में खैबर पख्तूनख्वा में हुए आतंकवादी हमलों के जवाब में की गई। पाकिस्तानी सूचना मंत्रालय ने कहा कि तीन ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिनमें आत्मघाती हमलावरों का प्रशिक्षण केंद्र भी शामिल था। इन ठिकानों पर बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी नष्ट किया गया।

उधर, तालिबान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने कहा कि कुनार के नूरगल जिले में एक मकान पर हमला हुआ, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्य मारे गए और चार अन्य घायल हुए। उनके अनुसार, पक्तिका के बरमल जिले में दो स्थानों पर बमबारी की गई, जिससे एक दुकान और एक खाली मकान क्षतिग्रस्त हुआ। वहां किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

तालिबान सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि अफगानिस्तान इस कार्रवाई का “उचित जवाब” देगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0