एसईसीआई स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्य को प्राप्त करने में केंद्रीय भूमिका निभाती रहेगी : श्रीपाद येसो नाइक

21 Sep 2026 17:22:53
एसईसीआई के 15वें स्थापना दिवस पर हितधारकों को संबोधित करते श्रीपाद येसो नाइक


एसईसीआई के 15वें स्थापना दिवस पर हितधारकों के साथ श्रीपाद येसो नाइक


नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्यमंत्री श्रीपाद येसो नाइक ने सोमवार को कहा कि सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एसईसीआई) स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्य को प्राप्त करने में केंद्रीय भूमिका निभाती रहेगी।

श्रीपाद येसो नाइक ने नई दिल्ली में एसईसीआई के 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित हितधारकों की बैठक में यह बात कही। नाइक ने बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में कहा कि सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड का 15 वर्ष का सफर वैश्विक स्तर पर अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में भारत के बढ़ते नेतृत्व और एक स्थायी ऊर्जा भविष्य के प्रति देश की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

नाइक ने कहा कि एसईसीआई ने देश के स्वच्छ ऊर्जा विजन को लगातार साकार किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निगम इसकी प्राप्ति की दिशा में केंद्रीय भूमिका भी निभाता रहेगा।

कार्यक्रम में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ सीईए के अध्यक्ष घनश्याम प्रसाद, मंत्रालय के अपर सचिव मयंक तिवारी और आईएनओएक्सजीएफएल समूह के अध्यक्ष विवेक जैन भी उपस्थित थे

एसईसीआई ने अपने 15 वर्षों की सेवा के दौरान राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान किया है। इस अवधि में कंपनी ने तृतीय-पक्ष डेवलपर्स की सहायता से 41 गीगावाट से अधिक नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन क्षमता स्थापित की है। इसके अलावा कंपनी ने विभिन्न डिस्कॉम और उपभोक्ताओं के साथ 67 गीगावाट से अधिक बिजली बिक्री समझौते भी किए हैं और लगभग 3.6 लाख करोड़ रुपये का बाजार निवेश सक्षम किया है।

इसके अलावा कंपनी अपने स्वयं के प्रोजेक्ट पोर्टफोलियो का भी तेजी से विस्तार कर रही है और ऊर्जा भंडारण, हरित हाइड्रोजन और संबंधित क्षेत्रों को बढ़ावा देने में भी सक्रिय है। 20 सितंबर 2011 को निगमित हुई एसईसीआई एक नवरत्न सीपीएसई है, जो नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के तहत आती है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0