गर्व का क्षण: मीरजापुर के जेसीओ को यूएन मिशन में मिली तैनाती

21 Sep 2026 20:14:53
भारतीय सेना के जूनियर कमीशंड ऑफिसर अवधेश कुमार यादव


मीरजापुर, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के तिलठी गांव निवासी भारतीय सेना के जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) अवधेश कुमार यादव संयुक्त राष्ट्र (यूएन) मिशन के तहत अफ्रीकी देश में तैनाती के लिए रवाना होंगे। वह भारतीय सेना में जूनियर इंजीनियर (नेटवर्क इंजीनियर) के रूप में कार्यरत हैं।

यूएन मिशन के दौरान अवधेश कुमार यादव नेटवर्क इंजीनियर के तौर पर तकनीकी जिम्मेदारियां संभालेंगे। उन्हें मिशन की नेटवर्क और संचार व्यवस्था से संबंधित कार्यों के साथ तकनीकी सेवाओं के संचालन की जिम्मेदारी दी गई है।

अवधेश कुमार यादव की यूएन मिशन में तैनाती की जानकारी मिलने के बाद उनके परिवार और गांव के लोगों ने प्रसन्नता जताई। ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित यात्रा और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

अवधेश ने बताया कि यूएन मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी का अवसर है। उन्होंने कहा कि वह निर्धारित दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का प्रयास करेंगे।

परिवार के लोगों के अनुसार, अवधेश भारतीय सेना में तकनीकी क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब यूएन मिशन के लिए चयन के बाद वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिशन से जुड़ी तकनीकी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Powered By Sangraha 9.0