अबैकस एसेट मैनेजर लिमिटेड ने आईपीओ के लिए दाखिल किया डीआरएचपी

22 Sep 2026 20:41:53
आईपीओ के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। दिग्गज निवेशक सुनील सिंघानिया के नेतृत्व वाली अबैकस एसेट मैनेजर लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के माध्यम से फंड जुटाने के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है।

पूंजी बाजार नियामक सेबी के समक्ष जमा मसौदा दस्तावेज के अनुसार मुंबई स्थित सुनील सिंघानिया के नेतृत्व वाली अबैकस एसेट मैनेजर लिमिटेड के 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले इस इश्यू में 15 मिलियन शेयरों की बिक्री का प्रस्ताव (ओएफएस) शामिल है। इस इश्यू में खुदरा निवेशकों के लिए 35 फीसदी आरक्षण और कर्मचारियों के लिए आरक्षण शामिल होगा। इसके बुक रनिंग लीड मैनेजर्स हैं, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड ऑफर के लिए रजिस्ट्रार है। इसके शेयरों को दोनों प्रमुख एक्सचेंज बीएसई और एनएसई पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है।

कंपनी के मुताबिक चूंकि यह इश्यू पूरी तरह से ओएफएस है, इसलिए कंपनी को इस ऑफर से कोई भी पैसा नहीं मिलेगा। इस आईपीओ को लाने का मकसद कंपनी को स्टॉक एक्सचेंज पर अपने इक्विटी शेयरों की लिस्टिंग का फायदा दिलाना है। ऑफर बुक-बिल्डिंग प्रोसेस के जरिए लाया जा रहा है, जिसमें नेट ऑफर का 50 फीसदी से ज़्यादा हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स को नहीं दिया जाएगा, और नेट ऑफर का कम से कम 15 फीसदी और 35 फीसदी हिस्सा क्रमशः गैर-संस्थागत बोलीदाता और खुदरा व्यक्तिगत बोलीदाता को दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि मुंबई की सुनील सिंघानिया की अगुवाई वाली यह एसेट मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म गैर-म्यूचुअल फंड योग्य एसेट अंडर मैनेजमेंट (क्यूएएयूएम) के मामले में भारत केंद्रित सबसे तेजी से बढ़ते एसेट मैनेजरों में से एक है। इस कंपनी को सुनील बनवारीलाल सिंघानिया ने शुरू किया था, जिसे अब सुनील सिंघानिया ही इसे चलाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0