टेलीकॉम कंपनियों को सिर्फ कॉल और एसएमएस वाले सस्ते रिचार्ज प्लान जारी करने के आदेश, ट्राई ने जारी किए नए नियम

22 Sep 2026 16:54:53
ट्राई


नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। मोबाइल उपभोक्ताओं, खासकर कम आय वाले लोगों को राहत देते हुए दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने नए नियम जारी किए हैं। इसके तहत टेलीकॉम कंपनियों को केवल कॉल और एसएमएस सुविधाओं वाले सस्ते रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने होंगे, ताकि डेटा का इस्तेमाल नहीं करने वाले ग्राहकों को भी अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प मिल सकें।

दूरसंचार मंत्रालय के अनुसार, ट्राई ने दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियम, 2026 जारी किया है। ट्राई ने पाया था कि पिछले संशोधन के बाद अधिकांश कंपनियां लंबी वैधता वाले वॉयस और एसएमएस पैक ही दे रही थीं, जिससे कम अवधि और कम कीमत वाले विकल्प सीमित हो गए थे।

नए नियमों के तहत कंपनियों को उन सभी अवधि के लिए केवल वॉयस और एसएमएस वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर (एसटीवी) उपलब्ध कराने होंगे, जिन अवधि के लिए वे डेटा के साथ वाले रिचार्ज प्लान पेश करती हैं। इससे ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से कम अवधि का रिचार्ज भी चुन सकेंगे।

ट्राई ने यह भी व्यवस्था की है कि कुछ रिचार्ज प्लान हर महीने एक तय तारीख को अपने-आप नवीनीकृत किए जा सकें। अगर किसी महीने में वह तारीख मौजूद नहीं होगी तो वैधता उस महीने के आखिरी दिन तक मानी जाएगी।

इसके अलावा टेलीकॉम कंपनियों को कम-से-कम एक ऐसा लंबी वैधता वाला प्लान भी रखना होगा, जिसमें केवल कॉल और एसएमएस की सुविधा हो।

ट्राई ने कहा कि इन बदलावों से उन उपभोक्ताओं को सबसे ज्यादा फायदा होगा जो मोबाइल डेटा का कम या बिल्कुल उपयोग नहीं करते और केवल कॉल तथा संदेश सेवा चाहते हैं। नए नियमों से उपभोक्ताओं के पास अधिक विकल्प होंगे और वे अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार रिचार्ज चुन सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0