लीबिया और सूडान में हथियारों की अवैध आपूर्ति के मामले में ब्रिटिश ब्रोकर को 16 साल की सजा

23 Sep 2026 21:19:53

लंदन, 23 सितंबर (हि.स.)। दक्षिण सूडान और लीबिया में हथियारों की अवैध आपूर्ति से जुड़े मामलों में ब्रिटेन की एक अदालत ने बुधवार को हथियार ब्रोकर डेविड ग्रीनहाल्घ को 16 साल जेल की सजा सुनाई है। 68 वर्षीय ग्रीनहाल्घ को जून में बिना लाइसेंस हथियारों की आपूर्ति से जुड़े 10 मामलों में दोषी ठहराया गया था।

लंदन की साउथवार्क क्राउन कोर्ट में सुनवाई के दौरान सामने आया कि 2009 से 2016 के बीच ग्रीनहाल्घ ने पूर्व सोवियत सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणालियों के अलावा एके-47 राइफल, टैंक और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद के सौदों में भूमिका निभाई थी।

ग्रीनहाल्घ के साथ ग्रीस के नागरिक 48 वर्षीय क्रिस्टोस फार्माकिस को भी नौ मामलों में दोषी पाया गया। हालांकि, उसका मुकदमा उसकी अनुपस्थिति में चला। न्यायाधीश सैली-ऐन हेल्स ने दोनों को 16-16 वर्ष की सजा सुनाते हुए कहा कि दोनों ने हथियार निर्यात प्रतिबंधों को दरकिनार कर भारी मुनाफे के लिए हथियारों की बिक्री कराने की बार-बार कोशिश की।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, आरोपों में एक मामला हथियारों की वास्तविक आपूर्ति से जुड़ा था। इसमें यूक्रेन की पूर्व सोवियत एस-125 पेचोरा मिसाइल प्रणाली दक्षिण सूडान को बेचने का सौदा शामिल था। अभियोजन ने कहा कि दोनों आरोपियों के दक्षिण सूडान के वरिष्ठ अधिकारियों से करीबी संपर्क थे।

अभियोजन पक्ष ने बताया कि उस समय दक्षिण सूडान अभी औपचारिक रूप से सूडान का हिस्सा था और 2011 में स्वतंत्र होने से पहले उस क्षेत्र पर ब्रिटिश हथियार प्रतिबंध लागू था। ग्रीनहाल्घ और फार्माकिस ने ईरान, इराक और सीरिया को भी हथियार उपलब्ध कराने की योजनाएं बनाईं, जिन पर संबंधित समय में हथियार प्रतिबंध लागू थे।

फार्माकिस की गिरफ्तारी 2016 में हुई। जांच तब आगे बढ़ी, जब उसने सरकारी वित्त पोषित ग्रेटर लंदन एंटरप्राइज में अपनी नौकरी से जुड़े ईमेल खाते का इस्तेमाल निजी हथियार सौदों के लिए किया। इसी दौरान अधिकारियों को 2011 के अरब स्प्रिंग के बाद लीबिया को लड़ाकू विमान और अन्य हथियार बेचने की योजनाओं से जुड़े दस्तावेज मिले।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0