यूएन में एर्दोगन का गाजा पर बयान, बोले- यह हमारे समय का सबसे अमानवीय ‘कंसंट्रेशन कैंप’ बन गया है

23 Sep 2026 00:10:53

न्यूयॉर्क, 22 सितंबर (हि.स.)। तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान गाजा की मानवीय स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने गाजा को “हमारे समय का सबसे अमानवीय और शर्मनाक कंसंट्रेशन कैंप” बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से वहां जारी संकट को लेकर संवेदनशील रुख अपनाने की अपील की।

एर्दोगन ने अपने भाषण की शुरुआत फिलिस्तीनी प्राधिकरण के राष्ट्रपति महमूद अब्बास के संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क यात्रा पर रोक का जिक्र करते हुए की। उन्होंने इसे फिलिस्तीनियों के साथ अन्याय बताया और कहा कि तुर्की एक स्वतंत्र और संप्रभु फिलिस्तीनी राष्ट्र की आवाज उठाता रहेगा।

तुर्किये के राष्ट्रपति ने गाजा में बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने और बच्चों पर पड़ रहे प्रभाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गाजा दुनिया में बच्चों की मौत के साथ-साथ बाल अंग-विच्छेदन की अत्यधिक दर वाला क्षेत्र बन गया है।

एर्दोगन ने पिछले साल अमेरिका की मध्यस्थता में हुए इजराइल-हमास युद्धविराम का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी और गाजा में फिलिस्तीनियों की जान जाने का सिलसिला जारी रहा।

उन्होंने कहा कि गाजा का संकट केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि मानवता और अंतरात्मा से जुड़ा सवाल है। एर्दोगन ने अंतरराष्ट्रीय नेताओं से इस स्थिति के प्रति उदासीन नहीं रहने की अपील करते हुए कहा कि न्याय और मानवीय संवेदना रखने वाला कोई भी व्यक्ति वहां के हालात को नजरअंदाज नहीं कर सकता।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0