झारखंड में करमा विसर्जन के दौरान कोयल नदी में 5 युवक डूबे, 4 के शव बरामद

23 Sep 2026 10:37:53
कोयल नदी तट पर लगी भीड़


घटना की जानकारी लेते विधायक आलोक चौरसिया


पलामू, 23 सितंबर (हि.स.)। झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के दुल्ही गांव में करमा पूजा विसर्जन के दौरान बुधवार को हादसे से हाहाकार मच गया। कोयल नदी में डूबने से चार युवकों की मौत हो गई। एक लापता है। उसकी तलाश की जा रही है।

सूचना पाकर पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से नदी से चार युवकों को निकाला। उन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान नीतीश कुमार सिंह (18 ) पिता बाबूलाल सिंह, अमित कुमार ठाकुर (22 ) पिता पुरानी ठाकुर, राजा सिंह (12) पिता संजय सिंह, विशाल पासवान (16) पिता तिलकधारी पासवान शामिल हैं। हेमंत कुमार सिंह (8) पिता सुनील सिंह लापता है। सभी बोकेया के पतरिया गांव के निवासी थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार सुबह 6 बजे बड़ी संख्या में लोग करमा विसर्जन के लिए कोयल नदी तट पर पहुंचे। पतरिया गांव के लोग घर से डेढ़ किलोमीटर दूर दुलही गांव स्थित कोयल नदी तट पर विसर्जन कर रहे थे। इस दौरान नीतीश कुमार सिंह, अमित कुमार ठाकुर, राजा सिंह, विशाल पासवान, हेमंत कुमार सिंह समेत अन्य युवक नहाने लगे।

अचानक सभी डूबने लगे। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर जुटे और चार युवकों को किसी तरह बाहर निकाला। परिजन सभी को लेकर इलाज के लिए एमएमसीएच पहुंचे, जहां उन्हें मृत पाया गया। डाल्टनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया और पलामू सांसद के जिला प्रतिनिधि विजय ओझा घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार

Powered By Sangraha 9.0