जय पार्वती फोर्ज लिमिटेड ने आईपीओ के लिए दाखिल किया डीआरएचपी

23 Sep 2026 17:39:53
जय पार्वती फोर्ज लिमिटेड के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। मोहाली स्थित इंजीनियरिंग और ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स निर्माता कंपनी जय पार्वती फोर्ज लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के माध्यम से फंड जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है।

पूंजी बाजार नियामक सेबी के पास जमा मसौदा दस्तावेज के अनुसार मोहाली स्थित जय पार्वती फोर्ज लिमिटेड के 2 रुपये फेस वैल्यू वाले इस आईपीओ में 300 करोड़ रुपये तक का फ्रेश इश्यू और प्रमोटर सुमन चौहान की ओर से 90.00 लाख इक्विटी शेयरों तक का ऑफर-फॉर-सेल शामिल है।

जय पार्वती फोर्ज लिमिटेड के मुताबिक यह एक बुक बिल्ट इश्यू होगा, जो मुख्य बोर्ड (बीएसई और एनएसई) पर सूचीबद्ध होगा। कंपनी, बुक-रनिंग लीड मैनेजर्स के साथ सलाह-मशविरा करके रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (आरओसी) के समक्ष अपना रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस फाइल करने से पहले प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर विचार कर सकती है।

उल्लेखनीय है कि 2004 में बनी यह कंपनी फोर्ज्ड और मशीन्ड कंपोनेंट्स की इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरर के तौर पर स्थापित हो चुकी है। पिछले 22 साल से ज़्यादा के ऑपरेशनल इतिहास के साथ ही यह बुल गियर्स, ट्रांसमिशन गियर्स और शाफ्ट्स और प्रिसिजन मशीन्ड पार्ट्स की सप्लाई करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0