लिवाली के सपोर्ट से मजबूूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को एक दिन में 1.79 लाख करोड़ का मुनाफा

23 Sep 2026 17:36:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। मेटल और एफएमसीजी सेक्टर में आई तेजी तथा ब्रॉडर मार्केट में लगातार हुई खरीदारी के कारण घरेलू शेयर बाजार आज मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद पहले एक घंटे तक मामूली उतार-चढ़ाव होता रहा। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी का रुख बन गया।

हालांकि दोपहर दो बजे के कुछ देर बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में इन दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ी गिरावट भी आई। राहत की बात यही रही कि बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद ये दोनों सूचकांक लगातार हरे निशान में ही बने रहे। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.40 प्रतिशत और निफ्टी 0.51 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 119.24 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,648.32 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलते ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल भी ऊपर-नीचे होने लगी। बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स ओपनिंग लेवल से करीब 50 अंक फिसल कर 74,599.88 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने चौतरफा लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई।

शेयरों की लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 2:30 बजे के करीब यह सूचकांक 444.66 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की छलांग लगा कर 74,973.74 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसके कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से करीब 145 अंक फिसल कर 299.17 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,828.25 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 23.15 अंक यानी 0.10 प्रतिशत उछल कर 23,352.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद कुछ देर तक इस सूचकांक की चाल ऊपर-नीचे होती रही। पहले एक घंटे का कारोबार खत्म होने के बाद बाजार में खरीदारी का जोर बन गया, जिसकी वजह से निफ्टी की चाल में भी तेजी आ गई।

लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से दोपहर दो बजे के थोड़ी देर बाद यह सूचकांक 137.90 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,466.90 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की चाल में भी थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से करीब 20 अंक फिसल कर 117.80 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,446.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान मेटल सेक्टर के शेयरों की लगातार खरीदारी होती रही। इस खरीदारी के सपोर्ट से बीएसई का मेटल इंडेक्स 2.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों की भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का एफएमसीजी इंडेक्स 1.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसके अलावा रियल्टी, टेलीकॉम, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, हेल्थकेयर, ऑयल एंड गैस तथा पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, आईटी सेक्टर के शेयरों की आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 0.87 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह बीएसई के टेक इंडेक्स ने 0.31 प्रतिशत लुढ़क कर आज के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा मीडिया इंडेक्स भी 0.76 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.70 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.89 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पौने दो लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 483.54 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 481.75 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.79 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,597 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,809 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,579 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 209 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,230 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,147 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,083 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 21 शेयर बढ़त के साथ और 9 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 34 शेयर हरे निशान में, 15 शेयर लाल निशान में और एक शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से बजाज फाइनेंस 3.41 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 3.17 प्रतिशत, टाटा स्टील 3.16 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल 2.64 प्रतिशत और जेएसडब्ल्यू स्टील 2.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.08 प्रतिशत, टाइटन कंपनी 0.98 प्रतिशत, इंफोसिस 0.86 प्रतिशत, कोल इंडिया 0.81 प्रतिशत और टीसीएस 0.73 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0