शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

23 Sep 2026 10:15:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच मजबूती का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल में और तेजी आ गई। हालांकि थोड़ी देर बाद ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से इनकी चाल में थोड़ी गिरावट भी आई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.25 प्रतिशत और निफ्टी 0.21 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 119.24 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,648.32 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी देर में ही यह सूचकांक 280 अंक से अधिक उछल कर 74,812.74 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 182.74 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,711.82 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 23.15 अंक यानी 0.10 प्रतिशत उछल कर 23,352.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण पहले पांच मिनट में ही यह सूचकांक लगभग 85 अंक की छलांग लगा कर 23,414.55 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल में भी गिरावट का रुख बन गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 48.45 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,377.45 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,382 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,882 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 500 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 22 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 8 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 26 शेयर हरे निशान में और 24 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 2.10 प्रतिशत से लेकर 1.17 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, कोल इंडिया, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, विप्रो, इन्फोसिस और टीसीएस के शेयर 0.69 प्रतिशत से लेकर 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 329.91 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,529.08 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 85.30 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,329 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0