झांसी : 27 से तीन दिवसीय अखिल भारतीय मलखंभ प्रतियोगिता, 16 राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा

24 Sep 2026 21:46:53
जानकारी देते आयोजक


लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में जुटेंगे खिलाड़ी

झांसी, 24 सितंबर (हि.स.)। बुंदेलखंड की धरती पर भारतीय पारंपरिक खेल मलखंभ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 27 से 29 सितंबर तक तीन दिवसीय अखिल भारतीय मलखंभ प्रतियोगिता का आयोजन श्री लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश के 16 राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी।

गुरुवार को लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम संयोजक संजय पटवारी, आयोजन सचिव अशोक गुप्ता और कार्यक्रम समन्वयक केशव कुमार ने प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी दी। बुंदेलखंड सेवा मंडल के महामंत्री नरोत्तम अग्रवाल ने बताया कि विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 27 सितंबर को सुबह 10 बजे खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश यादव करेंगे। अध्यक्षता सांसद अनुराग शर्मा करेंगे। विशिष्ट अतिथि नरोत्तम अग्रवाल और वीरेंद्र राय रहेंगे। 28 सितंबर को विधायक रवि शर्मा, पूर्व विधान परिषद सदस्य श्याम सुंदर, अरविंद वशिष्ठ, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

29 सितंबर को समापन समारोह में विधान परिषद सदस्य रामतीर्थ सिंघल, महापौर बिहारी लाल आर्य, राज्यमंत्री हर गोविंद कुशवाहा, जिलाधिकारी गौरांग राठी और एसएसपी विकास कुमार शामिल होंगे।

आयोजकों ने बताया कि मलखंभ भारत की प्राचीन और गौरवशाली पारंपरिक खेल विधा है। इससे खिलाड़ियों में शारीरिक शक्ति, संतुलन, लचीलापन, एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है। प्रतियोगिता का आयोजन स्वर्गीय सीताराम गुप्ता की स्मृति में किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Powered By Sangraha 9.0