अमेरिका के साथ बातचीत के बाद बेलारूस के राष्ट्रपति ने 15 और कैदियों को किया रिहा

24 Sep 2026 23:37:53

मिन्स्क, 24 सितंबर (हि.स.)। बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने गुरुवार को 15 कैदियों को माफी देने के आदेश पर हस्ताक्षर किए। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत जॉन कोएल के साथ बेलारूस की सरकार की बातचीत जारी है।

लुकाशेंको के कार्यालय के अनुसार, माफी पाने वालों में 10 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से 13 लोगों को उसने “चरमपंथी प्रकृति” के अपराधों में दोषी ठहराया गया था। कार्यालय ने कहा कि इन लोगों ने क्षमादान के लिए आवेदन किया था और अपने किए पर पछतावा जताया था।

मानवाधिकार संगठन वियास्ना के अनुसार, बेलारूस में अब भी 883 राजनीतिक कैदी हैं। संगठन के मुताबिक, इन लोगों को चरमपंथ, नफरत भड़काने या राष्ट्रपति का अपमान करने जैसे आरोपों में दोषी ठहराया गया है। हालांकि, लुकाशेंको सरकार बेलारूस में राजनीतिक कैदियों के अस्तित्व से इनकार करती रही है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत जॉन कोएल पिछले एक साल से लुकाशेंको के साथ कैदियों की रिहाई को लेकर बातचीत कर रहे हैं। इस दौरान विपक्षी नेताओं, कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और वकीलों समेत सैकड़ों लोगों की रिहाई हुई है। इसके बदले अमेरिका ने बेलारूस पर लगाए गए कुछ प्रतिबंधों में राहत दी है।

पिछले सप्ताह बेलारूस दौरे के दौरान कोएल की बातचीत के बाद 25 लोगों को रिहा किया गया था। इनमें प्रमुख पत्रकार और कार्यकर्ता भी शामिल थे। हालांकि, यह संख्या मार्च में उनकी पिछली यात्रा के दौरान रिहा किए गए 250 लोगों से काफी कम थी।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0