
आइची-नगोया, 24 सितंबर (हि.स.)। भारतीय धाविका सीमा कुमारी ने एशियाई खेल-2026 में महिला 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। सीमा ने गुरुवार को 32:50.05 के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल करके इस स्पर्धा में भारत के 16 साल से चले आ रहे पदक के इंतजार को समाप्त किया।
सीमा का कांस्य एशियाई खेलों की महिला 10,000 मीटर स्पर्धा में भारत का तीसरा पदक है। इससे पहले भारत ने इस स्पर्धा में 2010 में पदक जीता था। यह आईची-नगोया एशियाई खेलों में भारतीय एथलेटिक्स का पहला पदक भी है।
बहरीन की विनफ्रेड यावी ने 32:39.18 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि जापान की नोजोमी तनाका ने 32:41.54 के समय के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
स्वर्ण पदक के लिए यावी और तनाका के बीच अंतिम चरण में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। यावी ने आखिर में बढ़त बनाते हुए स्वर्ण हासिल किया। सीमा ने धैर्य बनाए रखा और पीछा कर रही धाविकाओं से अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए तीसरा स्थान सुनिश्चित किया। दौड़ के दौरान सीमा लगातार पदक की दौड़ में बनी रहीं। जैसे-जैसे शीर्ष धाविकाओं ने गति बढ़ाई, यावी और तनाका स्वर्ण के लिए आगे निकल गईं, लेकिन सीमा ने अपनी लय बनाए रखी और अंतिम रेखा तक पूरा जोर लगाते हुए 32:50.05 के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
महिला 10,000 मीटर के परिणाम:
स्वर्ण—विनफ्रेड यावी (बहरीन), 32:39.18
रजत—नोजोमी तनाका (जापान), 32:41.54
कांस्य—सीमा कुमारी (भारत), 32:50.05
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे