वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन-2026 की इंटरनेशनल इवेंट एंबेसडर बनीं दो बार की ओलंपिक चैंपियन शॉनाए

24 Sep 2026 13:09:53
दो बार की ओलंपिक चैंपियन शॉनाए मिलर-उइबो


नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। दो बार की ओलंपिक चैंपियन शॉनाए मिलर-उइबो वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन-2026 में इंटरनेशनल इवेंट एंबेसडर के रूप में शामिल होंगी। प्रोकेम इंटरनेशनल की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित रेस का आयोजन 18 अक्टूबर को ऐतिहासिक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा।

अपने शानदार फिनिश और उल्लेखनीय निरंतरता के लिए पहचानी जाने वाली बहामास की यह धाविका अपनी पीढ़ी की सबसे सफल स्प्रिंटर्स में शामिल हैं।

वह दो बार की ओलंपिक चैंपियन हैं और उन्होंने रियो 2016 तथा टोक्यो 2020 ओलंपिक में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता था।

टोक्यो में उनकी जीत ने उन्हें फ्रांस की मैरी-जोस पेरेक के साथ इतिहास में सिर्फ दूसरी महिला बना दिया, जिन्होंने ओलंपिक 400 मीटर खिताब को सफलतापूर्वक डिफेंड किया है। उन्होंने उस फाइनल में 48.36 सेकंड का समय निकालकर उत्तर अमेरिकी रिकॉर्ड बनाया था।

इससे पहले 2019 में दोहा में आयोजित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 48.37 सेकंड का समय दर्ज कर इस रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंची थीं।

मिलर-उइबो ने जूनियर स्तर पर ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी थी। जॉर्जिया यूनिवर्सिटी के लिए प्रतिस्पर्धा करते हुए उन्होंने एनसीएए डिविजन-1 इंडोर खिताब भी जीता। सीनियर स्तर पर उनका सफर आगे बढ़ा और गति तथा धैर्य के शानदार संयोजन ने उन्हें जल्द ही अन्य धाविकाओं से अलग पहचान दिलाई।

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मिलर-उइबो ने 2015 और 2019 में 400 मीटर में रजत पदक जीते, जबकि 2017 में 200 मीटर में कांस्य पदक हासिल किया। इसके बाद 2022 में यूजीन में उन्होंने आखिरकार विश्व चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 200 मीटर में उनका 21.74 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बहामास का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है।

मिलर-उइबो ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कई सफलताएं हासिल की हैं। उन्होंने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में 200 मीटर का स्वर्ण पदक जीता।

इसके अलावा विश्व एथलेटिक्स रिले में बहामास की मिश्रित 4x400 मीटर रिले टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतकर अपने शानदार रिकॉर्ड में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ी।

खेल उपलब्धियों से आगे बढ़कर मिलर-उइबो बहामास के समुदायों के लिए योगदान देने की भी प्रबल समर्थक रही हैं। वह कई परोपकारी और सामुदायिक पहलों से सक्रिय रूप से जुड़ी रही हैं। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं से संबंधित कार्यक्रमों मेंउनका विशेष लगाव रहा है।

भारत यात्रा को लेकर शॉनाए मिलर-उइबो ने कहा, “रेस ने मुझे दुनिया के कई शानदार स्थानों तक पहुंचाया है, लेकिन मैं भारत और खासकर नई दिल्ली आने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। ऐसी रेस का हिस्सा बनना मेरे लिए खास है, जिसका अपने समुदाय से इतना गहरा जुड़ाव है। वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन अलग-अलग पृष्ठभूमि, अलग-अलग कहानियों और क्षमताओं वाले लोगों को दौड़ने की सहज खुशी के माध्यम से एक साथ लाती है।”

उन्होंने आगे कहा,” उच्चतम स्तर पर वर्षों तक प्रतिस्पर्धा करने के बाद मैं जानती हूं कि प्रगति एक-एक कदम करके हासिल होती है। मुझे उम्मीद है कि मेरी यात्रा यहां के धावकों को अपनी प्रक्रिया पर भरोसा रखने, निरंतरता बनाए रखने और जो हासिल कर सकते हैं, उस पर विश्वास करते रहने के लिए प्रेरित करेगी। मैं दिल्ली के धावकों के साथ इस अनुभव को साझा करने और सभी को स्टार्ट लाइन पर देखने के लिए उत्सुक हूं।”

हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की चेयरपर्सन और वेदांता लिमिटेड की नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रिया अग्रवाल हेब्बार ने कहा, “शॉनाए मिलर-उइबो उस उत्कृष्टता, दृढ़ता और संकल्प का प्रतीक हैं, जो दौड़ को बदलाव की ऐसी ताकत बनाते हैं। हमें उम्मीद है कि शॉनाए की मौजूदगी अधिक से अधिक लोगों को दौड़ने के लिए प्रेरित करेगी, उन्हें खुद को चुनौती देने और इस सफर की खुशी को महसूस करने का अवसर देगी। साथ ही वे हमारे #RunForZeroHunger अभियान के माध्यम से एक बड़े उद्देश्य के लिए एकजुट होंगे।”

प्रोकेम इंटरनेशनल के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर विवेक सिंह ने कहा, “शॉनाए के करियर की पहचान धैर्य, उत्कृष्टता और निरंतर प्रयास से रही है। उन्होंने वर्षों तक विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप का खिताब हासिल करने के लिए प्रयास किया और आखिरकार इसे अपने नाम किया। यही दृढ़ता वह संदेश है, जिसे हम चाहते हैं कि 18 अक्टूबर को हर धावक अपने साथ लेकर चले।

सिंह ने आगे कहा, “हमारी इंटरनेशनल इवेंट एंबेसडर के रूप में उनके जैसी काबिलियत वाली एथलीट की मौजूदगी इस बात को दर्शाती है कि यह विरासत लगातार आगे बढ़ रही है। रेस के 21वें संस्करण और तीसरे दशक में प्रवेश के अवसर पर ऐसे पल हमें याद दिलाते हैं कि वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन दुनिया के सर्वश्रेष्ठ एथलीटों के लिए लगातार आकर्षण का केंद्र क्यों बनी हुई है। हमें विश्वास है कि उनकी मौजूदगी हर वर्ग के प्रतिभागियों को पूरी दूरी तय करने के लिए प्रेरित करेगी।”

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0