एशियाई खेल 2026: महिला एकल स्क्वॉश के क्वार्टर फाइनल में आमने-सामने होंगी अनाहत और तन्वी

24 Sep 2026 13:23:53
भारतीय स्कवॉश खिलाड़ी अनाहत सिंह


आइची-नगोया, 24 सितंबर (हि.स.)। भारतीय स्क्वॉश खिलाड़ियों अनाहत सिंह और तन्वी खन्ना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई खेल 2026 की महिला एकल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। दोनों भारतीय खिलाड़ियों की जीत के बाद अब क्वार्टर फाइनल में उनका आमना-सामना होगा।

तीसरी वरीयता प्राप्त अनाहत सिंह ने सिंगापुर की ऑ यॉन्ग वाई लिन को सीधे तीन गेम में 11-4, 11-5, 11-7 से हराया। विश्व कप विजेता अनाहत ने मुकाबले की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और आसानी से क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

वहीं, तन्वी खन्ना ने सिंगापुर की ऑ यॉन्ग वाई यान को 5-11, 11-4, 11-5, 13-11 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। तन्वी को पहले गेम में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार तीन गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम किया।

इस जीत के साथ महिला एकल स्क्वॉश में ऑल इंडिया क्वार्टर फाइनल तय हो गया है। अब अनाहत और तन्वी में से एक खिलाड़ी सेमीफाइनल में पहुंचेगी।

एशियाई खेलों की स्क्वॉश स्पर्धा का विजेता 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करेगा। स्क्वॉश 2028 ओलंपिक में पहली बार शामिल होगा।

इससे पहले भारतीय जोड़ी जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। भारतीय जोड़ी ने हमवतन सूरज चंद और शमीना रियाज को 11-7, 11-10 से 2-0 से हराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0