कोलकाता में गौतम अडानी ने सीएम संग मिलकर किया 'अडानी आरोग्य मंदिर' का शिलान्यास

24 Sep 2026 14:53:53
कोलकाता में अदानी आरोग्य मंदिर का उद्घाटन


कोलकाता, 24 सितंबर: (हि.स.)। अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी ने गुरुवार को न्यू टाउन इलाके में 4,000 करोड़ की लागत से बनने वाले 2,000 बिस्तरों के अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के निर्माण की घोषणा की। इस दाैरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ इस मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल की आधारशिला रखते हुए उन्होंने बंगाल के स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर अपना विस्तृत दृष्टिकोण साझा किया।

गौतम अडानी ने अपने संबोधन में कहा कि 'अडानी आरोग्य मंदिर' एक विश्वस्तरीय और गैर-लाभकारी चिकित्सा संस्थान होगा। इसके कुल 2,000 बिस्तरों में से 1,000 बिस्तर राज्य और केंद्र सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के तहत पात्र आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षित रखे जाएंगे। इस संस्थान के केंद्र में उन्नत अनुसंधान और देखभाल सुविधाओं से लैस एक अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज होगा। इस विशाल स्वास्थ्य परियोजना से राज्य के स्वास्थ्य सेवा तंत्र में 10,000 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की प्रबल संभावना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एक मजबूत बंगाल का निर्माण किसी एक संस्थान से कहीं आगे की बात है। स्वास्थ्य सेवाएं जहां व्यक्तिगत जीवन में बदलाव ला सकती हैं, वहीं मजबूत बुनियादी ढांचा लाखों लोगों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल सकता है।

बंगाल की भौगोलिक स्थिति को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि यह राज्य भारत के विशाल औद्योगिक क्षेत्रों और पूर्वोत्तर को बंगाल की खाड़ी से जोड़ने वाला एक प्राकृतिक समुद्री पुल है, जिसमें एशिया का सबसे बड़ा एकीकृत औद्योगिक मंच बनने की अपार क्षमता है।

औद्योगिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक संरक्षण पर जोर देते हुए अडानी ने बंगाल की वास्तुकला, कला, साहित्य और त्योहारों को अनमोल बताया। उन्होंने घोषणा की कि उनका समूह ऐतिहासिक 'राइटर्स बिल्डिंग' के जीर्णोद्धार, कुमारटोली घाट के पुनरुद्धार और कोलकाता की दुर्गा पूजा की अद्भुत कला को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने की पहलों का पूरी तरह समर्थन करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी समाज की प्रगति को केवल सड़कों की लंबाई या निवेश की गई धनराशि से नहीं मापा जा सकता, बल्कि उसे अपनी पहचान देने वाली मूल्यवान संस्कृति और संस्थाओं की रक्षा भी करनी चाहिए।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0