छत्तीसगढ़ के बालोद में गेहूं से लदे ट्रक ने पिकअप वाहन को मारी टक्कर, छह की मौत, सात गंभीर

25 Sep 2026 19:24:53
हादसे के बाद सड़क फर फैला गेहूं  एवं ट्रक


हादसे के बाद क्षतिग्रस्त पिकअप वाहन


-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर शोक जताया

बालोद/रायपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मरकाटोला घाट के पास शुक्रवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में छह युवकों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

पुलिस के अनुसार दोपहर करीब एक बजे गेहूं से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे डीजे एवं धु्माल बंधे खड़ी पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक पलट गया और पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कुछ युवक ट्रक के नीचे दब गए, जबकि कई अन्य दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हादसा पुरूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ है। सभी मृतक कवर्धा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। गुरुर के एसडीओपी माया शर्मा ने हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि की है।

हादसे में कोमल साहू, अनीश पात्रे, दीपक कुंभकार, कृष्णा चौहान, राजा और सुंदर साहू की मृत्यु हो गई। वहीं प्रमोद (चालक), अरमान, दीपचंद, भुनेश्वर, गणेश पात्रे, रूपेश और अनमोल सहित सात लोग घायल हुए हैं।

पुरूर पुलिस के अनुसार लगातार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन होने से दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारण मरकाटोला घाट में कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Powered By Sangraha 9.0