कोमल रानी के साथ अफेयर की खबरों पर भड़के गोविंदा

25 Sep 2026 15:31:53
कोमल रानी, गोविंदा - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 25 सितंबर (हि.स.)। लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ नजर आने के बाद अभिनेता गोविंदा ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है। पत्नी सुनीता आहूजा के अकेले बप्पा के दर्शन करने के कुछ घंटे बाद गोविंदा को कोमल के साथ देखा गया था, जिसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं। गोविंदा ने इन चर्चाओं को खारिज करते हुए इसे उनकी छवि खराब करने और परिवार से दूर करने की सोची-समझी योजना बताया।

मीडिया से बातचीत में गोविंदा ने कहा कि इसमें किसी की गलती नहीं है और ऐसी चीजें आगे भी देखने को मिल सकती हैं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा अपने काम पर ध्यान देते रहे हैं और कोमल के साथ उनका रिश्ता पेशेवर है। अभिनेता के मुताबिक, वह अपनी फिल्म 'रूपा' के लिए प्रार्थना करने लालबागचा राजा पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वह करिश्मा कपूर और रवीना टंडन के साथ मंदिरों में दर्शन कर चुके हैं और उन फिल्मों के लिए यह अनुभव शुभ रहा था। इसी वजह से लंबे समय बाद फिल्म पर काम शुरू करने के दौरान उन्होंने बप्पा का आशीर्वाद लिया।

गोविंदा और कोमल के साथ नजर आने के बाद यह मामला तब और चर्चा में आ गया, जब सुनीता आहूजा को एयरपोर्ट पर पैपराजी से बातचीत करते देखा गया। सुनीता ने कहा, जानवरों से प्यार करो, इंसानों से नहीं। इंसान धोखेबाज होते हैं। इससे पहले भी वह गोविंदा और कोमल की नजदीकियों पर टिप्पणी कर चुकी हैं। वहीं गोविंदा का कहना है कि कम उम्र की अभिनेत्रियों के साथ काम करना फिल्म उद्योग में सामान्य बात है और कुछ लोग सुनीता को भड़काकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों के बयानों के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0