एशियाई खेल: बरानिका एलंगोवन ने रचा इतिहास, पोल वॉल्ट में भारत को दिलाया पहला पदक

25 Sep 2026 18:31:53
भारतीय एथलीट बरानिका एलंगोवन


आइची-नगोया, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय एथलीट बरानिका एलंगोवन ने एशियाई खेल-2026 में महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह एशियाई खेलों में पोल वॉल्ट में पदक जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बन गईं।

29 वर्षीय बरानिका ने नगोया के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में 4.15 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाई। कजाकिस्तान की पोलिना इवानोवा ने भी 4.15 मीटर की दूरी पार की। दोनों खिलाड़ियों का सर्वश्रेष्ठ प्रयास और काउंटबैक समान रहने के कारण कांस्य पदक दोनों के बीच साझा किया गया।

बरानिका ने 3.85 मीटर और 4.00 मीटर की ऊंचाई को अपने पहले ही प्रयास में पार किया। इसके बाद उन्हें 4.15 मीटर की ऊंचाई पर पहली कोशिश में सफलता नहीं मिली, लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने इसे पार कर लिया।

इसके बाद तमिलनाडु की इस एथलीट ने 4.25 मीटर की ऊंचाई पार करने का प्रयास किया, लेकिन तीनों प्रयासों में असफल रहीं। इसके बावजूद 4.15 मीटर का प्रदर्शन उन्हें ऐतिहासिक कांस्य पदक दिलाने के लिए पर्याप्त रहा।

भारत की दूसरी खिलाड़ी सिंधुश्री गणेशा कोई वैध प्रयास दर्ज नहीं कर सकीं और संयुक्त रूप से अंतिम स्थान पर रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0