एशियाई खेल: मनप्रीत कौर ने शॉटपुट में जीता कांस्य, पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला बनीं

25 Sep 2026 17:10:53
मनप्रीत कौर


आइची-नगोया, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय एथलीट मनप्रीत कौर ने शुक्रवार को एशियाई खेल 2026 में महिलाओं की शॉटपुट स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। 36 वर्षीय मनप्रीत ने 17.17 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। वह एशियाई खेलों में महिलाओं की शॉटपुट स्पर्धा में पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला बन गई हैं।

चीन की सोंग जियायुआन ने स्वर्ण और झांग लिनरू ने रजत पदक जीता। सोंग ने 19.40 मीटर के सीजन के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत की कृष्णा जयशंकर मेनन 16.57 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।

मनप्रीत की शुरुआत धीमी रही। उन्होंने पहले प्रयास में 16.32 मीटर की दूरी तय की, लेकिन इसके बाद लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार किया। चौथे प्रयास में उन्होंने 17 मीटर का आंकड़ा पार करते हुए 17.17 मीटर की दूरी हासिल की, जो उन्हें कांस्य पदक दिलाने के लिए पर्याप्त रहा।

मनप्रीत से पहले बारबरा वेबस्टर (1951) और किरण बालियान (2023) ने एशियाई खेलों में महिलाओं की शॉटपुट स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीता था।

सात बार की राष्ट्रीय चैंपियन हैं मनप्रीत

अंबाला, पंजाब की रहने वाली मनप्रीत कौर भारत की प्रमुख महिला शॉटपुट खिलाड़ियों में शामिल हैं। उनका प्रशिक्षण पटियाला स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में होता है।

उनका जन्म 6 जुलाई 1990 को हुआ और उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 18.06 मीटर है। मनप्रीत के नाम 2023 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक है, जहां उन्होंने 17.00 मीटर का प्रयास किया था। 2023 एशियाई खेलों में वह 16.25 मीटर के प्रदर्शन के साथ पांचवें स्थान पर रही थीं। 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने 17.49 मीटर के प्रयास के साथ चौथा स्थान हासिल किया था। 2026 में भी उन्होंने घरेलू स्तर पर शानदार प्रदर्शन जारी रखा और राष्ट्रीय अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 17.75 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता। उनका यह प्रदर्शन एशियाई खेलों के 16.25 मीटर के क्वालीफाइंग मानक से बेहतर था। मनप्रीत ने 2016 एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने 15.21 मीटर के प्रयास के साथ छठा स्थान हासिल किया था।

सरकारी योजनाओं से मिला सहयोग

मनप्रीत अगस्त 2026 से टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) की एथलीट हैं। उन्हें विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी, राष्ट्रीय कोचिंग कैंप और 2026 एशियाई खेलों की तैयारियों के लिए प्रशिक्षण संबंधी सहायता मिली।

उन्हें जापान के त्सुकुबा विश्वविद्यालय में प्री-एशियाई खेल प्रशिक्षण शिविर के लिए भी सहायता प्रदान की गई। एशियाई खेलचक्र के दौरान उन्हें टॉप्स के तहत 25,000 रुपये और प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता के वार्षिक कैलेंडर के तहत 2,65,678 रुपये की वित्तीय सहायता मिली। मनप्रीत के इस कांस्य पदक के साथ एशियाई खेलों में भारतीय एथलेटिक्स को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0