एशियाई खेल : यशस्विनी और मानुष शाह टेबल टेनिस एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में

25 Sep 2026 13:12:53
मानुष शाह


आइची-नगोया , 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी यशस्विनी घोरपड़े और मानुष शाह ने एशियाई खेल-2026 में शुक्रवार को महिला और पुरुष एकल स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। यशस्विनी ने सीरिया की हिंद जाजा को 4-1 से, जबकि मानुष ने ईरान के फराजी बेन्यामिन को 4-0 से हराया। मानुष और दिया अब सेमीफाइनल में चीन की विश्व नंबर दो जोड़ी वांग चुकिन और सुन यिंगशा का सामना करेंगे।

महिला एकल के दूसरे दौर में यशस्विनी ने जाजा को 11-5, 11-5, 11-8, 8-11, 11-4 से मात दी। वहीं, मानुष ने पुरुष एकल के दूसरे दौर में ईरान के बेन्यामिन को 11-9, 11-6, 11-6, 11-5 से सीधे चार गेम में हराया।

हालांकि, भारत की श्रीजा अकुला को उत्तर कोरिया की प्यों सोंग ग्योंग के खिलाफ दूसरे दौर में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। प्यों ने यह मुकाबला 11-7, 11-8, 11-13, 11-7, 11-7 से जीता।

पुरुष एकल में मनव ठाक्कर भी उत्तर कोरिया के यू ताए रयोंग के खिलाफ 2-3 से हारकर बाहर हो गए। मुकाबले में यू ताए रयोंग ने 11-4, 2-11, 7-11, 7-11, 11-4, 11-3 से जीत दर्ज की।

मिश्रित युगल में भारत ने पक्का किया पदक

इससे पहले मानुष शाह और दिया चितले की जोड़ी ने मिश्रित युगल में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का पदक पक्का किया। विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में हांगकांग के विश्व नंबर चार वोंग चुन टिंग और दू होई केम को 3-1 (11-6, 13-15, 11-9, 11-5) से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

इस जीत के साथ भारत ने एशियाई खेलों के मिश्रित युगल टेबल टेनिस में अपना कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर लिया है। यह एशियाई खेलों में भारत का मिश्रित युगल में दूसरा पदक होगा। इससे पहले 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में शरत कमल और मनिका बत्रा ने कांस्य पदक जीता था।

हालांकि, हरमीत देसाई और यशस्विनी घोरपड़े की मिश्रित युगल जोड़ी का अभियान क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। भारतीय जोड़ी को चीन की लिन शिदोंग और कुआई मान ने 11-5, 12-10, 11-9 से हराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0