
-10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में सुरुचि फोगाट के साथ भारत को दिलाया सोना
वाराणसी, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के सिगरा स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, साई के शूटर कमलजीत ने एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर काशी का गौरव बढ़ाया है। जापान में आयोजित एशियाई खेलों की 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में कमलजीत ने सुरुचि फोगाट के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
कमलजीत की उपलब्धि की खबर मिलते ही सिगरा स्टेडियम में खुशी का माहौल है। युवा खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उन्हें बधाई दी। साई के उपनिदेशक सुधांशु द्विवेदी के अनुसार, हरियाणा के रेवाड़ी जिले के सूलखा गांव निवासी कमलजीत पिछले तीन महीने से सिगरा स्टेडियम स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण ले रहे हैं। जुलाई में निशानेबाजी के लिए हुए चयन ट्रायल में उनका चयन हुआ था।
कमलजीत इससे पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2023 में आयोजित जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल जूनियर स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया था। एशियन गेम्स 2026 में कमलजीत और हरियाणा की सुरुचि फोगाट ने संयुक्त रूप से भारत को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। सुरुचि इंद्र सिंह, झज्जर की रहने वाली हैं। दोनों निशानेबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारतीय निशानेबाजी को भी बड़ी उपलब्धि मिली है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी