नेपाल और सर्बिया के बीच द्विपक्षीय परामर्श तंत्र स्थापित करने के लिए समझौता

26 Sep 2026 09:00:53
नेपाल और सर्बिया के विदेश मंत्रियों के द्वारा समझौते पर हस्ताक्षर


काठमांडू, 26 सितंबर (हि.स.)। नेपाल और सर्बिया ने अपने विदेश मंत्रालयों के बीच द्विपक्षीय परामर्श तंत्र स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान न्यूयॉर्क में आयोजित एक कार्यक्रम में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल और सर्बिया के विदेश मंत्री मार्को ज्यूरिच ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

समझौते पर हस्ताक्षर के अवसर पर दोनों मंत्रियों ने इस महत्वपूर्ण समझौते के होने पर खुशी व्यक्त की। दोनों ने नेपाल और सर्बिया के बीच करीबी और सहयोगात्मक द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

बैठक में जलवायु कार्रवाई के क्षेत्र में मजबूत वैश्विक एकजुटता और सहयोग के महत्व पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए नियमित परामर्श और संवाद को महत्वपूर्ण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0