एशियाई खेल: लक्ष्य सेन का सफर दूसरे दौर में थमा, लोह कीन यू ने तीन गेम में हराया

26 Sep 2026 07:56:53
लक्ष्य सेन


आइची-नगोया, 26 सितंबर (हि.स.)।

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन का एशियाई खेल 2026 में व्यक्तिगत अभियान दूसरे दौर में समाप्त हो गया। शनिवार को सिंगापुर के लोह कीन यू ने उन्हें तीन गेम के कड़े मुकाबले में 21-12, 15-21, 21-14 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

यह भारत के बैडमिंटन अभियान के लिए एक और झटका है। इससे एक दिन पहले भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी पुरुष युगल स्पर्धा से बाहर हो गई थी।

लक्ष्य ने पहले गेम की शुरुआत अच्छी की और 5-1 की बढ़त बना ली, लेकिन इसके बाद लोह ने लगातार 11 अंक जीतकर मुकाबले का रुख बदल दिया। लक्ष्य इस झटके से उबर नहीं सके और पहला गेम 12-21 से गंवा बैठे।

दूसरे गेम में लक्ष्य ने शानदार वापसी की। उन्होंने शटल को कोर्ट के अलग-अलग हिस्सों में भेजकर लोह पर दबाव बनाया और 21-15 से गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।

निर्णायक गेम में लोह ने फिर नियंत्रण हासिल किया। लक्ष्य ने 7-11 के बाद वापसी की कोशिश की और स्कोर 13-14 तक पहुंचाया, लेकिन इसके बाद वह लोह के बॉडी अटैक का प्रभावी जवाब नहीं दे सके। एक समय 12-14 से पीछे चल रहे लक्ष्य ने अगले आठ अंकों में सिर्फ एक अंक हासिल किया और गेम 14-21 से गंवा दिया।

इस हार के साथ एशियाई खेलों में लक्ष्य का व्यक्तिगत पदक जीतने का इंतजार जारी रहा। वह 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं और पेरिस ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0