ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने का ईरान का प्रस्ताव ठुकराया

26 Sep 2026 21:23:53
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प वाशिंगटन में मरीन वन में सवार होने से पहले व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में पत्रकारों से बात करते हुए...


वाशिंगटन, 26 सितंबर (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की है कि उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने के लिए ईरान की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों के सवालों के जवाब में ट्रंप ने कहा कि ईरान ने एक प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने उसे स्वीकार नहीं किया।

ट्रंप ने दावा किया कि ईरान तत्काल जलडमरूमध्य खोलने के लिए समझौता करना चाहता है क्योंकि वह मौजूदा संघर्ष में बुरी तरह नुकसान झेल रहा है। उन्होंने साथ ही कहा कि अमेरिका का इस महत्वपूर्ण जलमार्ग पर “पूरा नियंत्रण” है।

ईरान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान मध्यस्थों के जरिये एक प्रस्ताव रखा था। इसके तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के बदले अमेरिका से ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई नाकाबंदी समाप्त करने की मांग की गई थी। यह प्रस्ताव क्षेत्र में जारी व्यापक संघर्ष को समाप्त करने के प्रयासों का हिस्सा बताया गया है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0