आसनसोल राइफल क्लब पहुंचे सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, निशानेबाजों के उत्थान में क्लब की भूमिका को सराहा

27 Sep 2026 21:31:53
आसनसोल राइफल क्लब में आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता में के दौरान उपस्थित सांसद


आसनसोल, 27 सितंबर (हि.स.)।

आसनसोल राइफल क्लब को देश के चुनिंदा और बेहतरीन राइफल क्लबों में से एक बताते हुए आसनसोल के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने क्लब से जुड़े निशानेबाजों की उपलब्धियों की सराहना की। रविवार को आसनसोल राइफल क्लब के एक कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद ने कहा कि यहां आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में देश के विभिन्न हिस्सों से अच्छे निशानेबाज हिस्सा लेते हैं।

वहीं, क्लब के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर आसनसोल का नाम रोशन कर रहे हैं।

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि आसनसोल राइफल क्लब केवल बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में अपनी अलग पहचान रखता है। क्लब में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं, यहां आने वाले खिलाड़ियों और स्थानीय निशानेबाजों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि क्लब से जुड़े खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश-विदेश में पहचान बनाई है।

उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और क्लब से जुड़े पदाधिकारियों को बधाई दी।

सांसद ने कहा कि आज पूरे देश में खेलों को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है। भारत ओलंपिक, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। विशेष रूप से राइफल शूटिंग और पिस्टल शूटिंग में भारतीय खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में भारतीय लड़के और लड़कियां लगातार बेहतर परिणाम दे रहे हैं और आने वाले समय में भी देश को निशानेबाजी से बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार करने में स्थानीय शूटिंग क्लबों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे क्लब खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, प्रतियोगिता का अनुभव और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर उपलब्ध कराते हैं। आसनसोल राइफल क्लब भी इसी दिशा में लगातार काम कर रहा है।

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि क्लब के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी पूरी लगन के साथ निशानेबाजी को आगे बढ़ाने में जुटे हैं। प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने आसनसोल राइफल क्लब के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और सभी निशानेबाजों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और क्लब की गतिविधियां भविष्य में निशानेबाजी के क्षेत्र में और बेहतर उपलब्धियों का आधार बनेंगी। उन्होंने भविष्य में भी क्लब के कार्यक्रमों में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की इच्छा जताई।

उल्लेखनीय है कि आसनसोल राइफल क्लब में इन दिनों 0341 इंडिया ओपन प्रतियोगिता के एयर वेपन इवेंट्स का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता 18 से 27 सितंबर तक चल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Powered By Sangraha 9.0