जयशंकर ने न्यूयॉर्क में कनाडा, मैक्सिको और वेनेजुएला के विदेशमंत्रियों से मुलाकात की

27 Sep 2026 07:31:53
मैक्सिको के विदेशमंत्री  रॉबर्टो वेलास्को अल्वारेज से मुलाकात के दौरान भारत के विदेशमंत्री जयशंकर। फोटो - @ जयशंकर


वेनेजुएला के विदेशमंत्री फेलिक्स प्लासेंसिया गोंजालेज के साथ संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भारत के विदेशमंत्री जयशंकर। फोटो - @ जयशंकर


कनाडा की विदेशमंत्री अनीता आनंद के साथ भारत के विदेशमंत्री जयशंकर। फोटो - @ जयशंकर


न्यूयॉर्क, 27 सितंबर (हि.स.)। भारतीय विदेशमंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार (स्थानीय समय) को 81वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के दौरान कनाडा, मैक्सिको और वेनेजुएला के अपने समकक्षों के साथ अलग-अलग मुलाकात कर बैठक की। जयशंकर ने एक्स पोस्ट में यह जानकारी सचित्र साझा की।

भारत के विदेशमंत्री जयशंकर ने कहा कि उन्होंने कनाडा की विदेशमंत्री अनीता आनंद से मुलाकात की और उनसे सार्थक चर्चा की। दोनों पक्ष अपने संबंधों को एक ऊंचे स्तर पर ले जाने की तैयार हैं। जयशंकर ने मैक्सिको के विदेशमंत्री रॉबर्टो वेलास्को अल्वारेज़ के साथ अपनी बैठक की जानकारी भी साझा की।

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में वेनेजुएला के विदेशमंत्री फेलिक्स प्लासेंसिया गोंजालेज के साथ उनकी अच्छी बैठक हुई। दोनों देशों के बीच ऊर्जा संबंध तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जयशंकर ने कहा कि द्विपक्षीय सहयोग के अन्य क्षेत्रों के अलावा, हमारे ऊर्जा संबंध भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। हमने मौजूदा क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की।

जयशंकर ने इससे पहले 81वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को ग्लोबल साउथ के साथ अपनी साझेदारी एजेंडे का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मानता है। एआई मानव सशक्तिकरण, आर्थिक समृद्धि और आबादी से जुड़ी समस्याओं को हल करने के लिए एक परिवर्तनकारी कारक है। उन्होंने तकनीक के लोकतंत्रीकरण और सांस्कृतिक समझ की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0